कलक्ट्रेट में नगर सीट से भाजपा के उम्मीदवार रितेश गुप्ता नामांकन कराते।अमर उजाला
मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत मंगलवार को पूर्व मंत्री कमाल अख्तर और शहर विधायक रितेश गुप्ता समेत आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने वालों में तीन सपा, तीन भाजपा, एक बसपा तथा एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल है। इसी के साथ जिले में विभिन्न विधानसभा सीटोें के लिए नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
कलक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। प्रत्याशी व उनके प्रस्तावक को कड़ी तलाशी के बाद ही नामांकन स्थल तक जाने दिया गया। कांठ विधानसभा सीट से अमरोहा जिले की नगर पंचायत उझारी के मोहल्ला भाटोवाला कुआं निवासी पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी विधानसभा सीट से कांठ तहसील क्षेत्र के ग्राम गरही निवासी आफाक अली खां ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक नवाबजान ने सपा प्रत्याशी के रूप में तथा आबिद ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा भरा।
मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से शहर के रामगंगा विहार फेस-2 निवासी केके मिश्रा, शहर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक रितेश गुप्ता ने, बिलारी विधानसभा सीट से चंदौसी निवासी पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कुंदरकी निवासी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी उम्मीदवार जियाउर्रहमान ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
समर्थकों को बैरिकेडिंग के बाहर रोका
नामांकन कराने पहुंचे लगभग सभी उम्मीदवारों के साथ समर्थक भी पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उनके समर्थकोें कलक्ट्रेट परिसर के बाहर लगी बैरिकेडिंग पर ही रोक दिया। इसके चलते सभी उम्मीदवारों के समर्थक बैरिकेडिंग के बाहर खड़े नामांकन कराने के बाद प्रत्याशियों के लौटने का इंतजार करते दिखाई दिए। जब प्रत्याशी नामांकन कराकर लौटे तब समर्थक उनके साथ वापस चले गए।