मुरादाबाद। कंटेनरों के आवागमन को सहज बनाने के लिए रझेड़ा नदी पर आरओबी बनाने का मुद्दा कुछ कारोबारियों ने उठाया लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना था कि वहां पर्याप्त जगह नहीं है। इस मामले में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अन्य विकल्प की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक के दौरान अन्य मुद्दों के अलावा रझेड़ा नदी पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने को लेकर चर्चा की गई थी। इस दौरान कारोबारियों का कहना था कि समदा–समदी मार्ग पर हिंद टर्मिनल स्थापित है। यहां से कंटेनरों के आवागमन में लगभग 12 किमी दूरी तय करनी पड़ती है। यह दूरी कम करने के लिए रझेड़ा नदी पर एक ओवरब्रिज बनाने की जरूरत है। क्षेत्रीय विकास के लिए दलपतपुर एवं एनएच टोल के मध्य आरओबी का प्रस्ताव तैयार होना चाहिए। इस बीच पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं का कहना था कि वहां जमीन पर्याप्त नहीं है। अभी आरओबी के मामले में अभी प्रस्ताव को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
बैठक में मौजूद कारोबारी तंजील अहमद का कहना था उन्होंने भी आरओबी के निर्माण के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी के अभियंता ने डियर पार्क से ग्राम रफातपुर को जाने वाले मार्ग को समदा–समदी मार्ग से जोड़ने का सुझाव दिया है। एक कारोबारी ने समदा-समदी मार्ग के पास इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया है।