कुंदरकी। सोमवार देर रात रेलवे क्राॅसिंग के पास ई-रिक्शा चालक से दो बदमाशों ने साढ़े तीन हजार रुपये की नकदी लूट ली। यही नहीं विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया है। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला तकिया निवासी शहजादे ई-रिक्शा चालक हैं। वह सोमवार रात दस बजे के बाद अपने ई-रिक्शा से सवारियों को लेकर जा रहे थे। रेलवे क्राॅसिंग के आगे शराब की दुकान पास दो बदमाशों ने उनका रिक्शा रोक लिया और पिटाई करते हुए जेब में रखे साढ़े तीन हजार रुपये लूट लिए। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने शहजादे पर चाकू से वार किए। जिससे वह लहूलुहान हो गए। शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस लहूलुहान ई-रिक्शा चालक को सीएचसी में इलाज के लिए लेकर आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।