भगतपुर। क्षेत्र के ग्राम चक और ठिरियादान के बीच नचना नदी की पुलिया के पास बुधवार देर रात अनियंत्रित डंपर पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद डंपर के केबिन (चैंबर) में आग लग गई। चेंबर में फंसे चालक और हेल्पर को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब ढाई बजे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। चौकी प्रभारी मानपुर जयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खाली 18 टायरा डंपर मुरादाबाद से बजरी भरने के लिए उत्तराखंड जा रहा था। नचना नदी की पुलिया के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और डंपर पेड़ से जा टकराया।
टक्कर के बाद केबिन में एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक इंसाद अली और हेल्पर हसनैन निवासी चांदवार की मढ़ैय्या, थाना असमौली, संभल केबिन में फंस गए। पुलिस ने दोनों को सकुशल बाहर निकाला। टांडा रामपुर और मुरादाबाद से पहुंची दमकल टीमों ने आग बुझाई।