बिलारी। सोमवार तड़के आई आंधी और तेज बारिश के कारण बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र के दो फीडरों में ब्रेकडाउन हो जाने से विद्युत आपूर्ति दिन भर ठप रही।
बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र के चार फीडरों से 30 ग्रामों को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। कई ग्रामों में आबादी के इलाके और जंगल में स्थित निजी विद्युत नलकूपों के लिए अलग-अलग विद्युत लाइन बनी हुई है। सोमवार तड़के आंधी और बारिश से पीपली फीडर को जाने वाली विद्युत लाइन पर मीरापुर गांव के निकट पेड़ की टहनी टूटकर गिर गई जिससे पूरे फीडर में ब्रेकडाउन हो गया। नॉर्थ बेस्ट फीडर पर बहादरपुर गांव में संभल रेलवे लाइन के निकट केबल बॉक्स खराब हो जाने की वजह से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
देहात विद्युत उपकेंद्र के ही नॉर्थ डोमेस्टिक फीडर पर बिचौला और ढकिया नरु गांव में विद्युत लाइन पर पेड़ की टहनी गिर जाने से तार टूटकर ब्रेकडाउन हो गया। विद्युत उपकेंद्र अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह विद्युत उपकेंद्र के स्टाफ को भेजकर लाइनों में आए ब्रेकडाउन को ठीक किया गया। अवर अभियंता के दावे के अनुसार शाम तक सभी फीडरों की विद्युत लाइनें दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति सुचारु करा दी गई।