फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: ढाई माह में 10 गुना बढ़ी दुबई के माल की ढुलाई, निर्यातकों को झटका

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। पश्चिम एशिया में हालात पूरी तरह से सामान्य नहीं होने से दुबई के लिए जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। फरवरी के अंत से अब तक ढाई माह की अवधि में शिपिंग कंपनियों ने अपना भाड़ा (फ्रेट) 10 गुना तक बढ़ा दिया है। इसका सीधा असर पीतलनगरी के हस्तशिल्प कारोबारियों पर पड़ रहा है। दुबई और आसपास के देशों में भेजे जाने वाला तैयार होकर भी जा नहीं पा रहा है।
विज्ञापन




निर्यातकों का कहना है कि दुबई के लिए 40 फीट के प्रति कंटेनर का किराया 500 डॉलर से बढ़ाकर 5000 डॉलर तक कर दिया गया है। कंटेनरों की कमी और बढ़े हुए फ्रेट के कारण अभी निर्यातक माल भेज नहीं पा रहे तो विदेशी खरीदार भी माल मंगाने से बच रहे हैं। निर्यातक हों या आयातक, फ्रेट कम होने का इंतजार कर रहे हैं। इन स्थितियों में विदेशी आर्डर पर माल तैयार करने वाले निर्यातकों की पूंजी फंस गई है। निर्यातक बताते हैं कि भुगतान का चक्र बिगड़ने से कई कारोबारियों को बैंकों की किस्त जमा करने में भी दिक्कत आ रही है।

शिपिंग कंपनियों के हवाले से निर्यातकों ने जानकारी दी कि वर्तमान में हस्तशिल्प उत्पाद सऊदी अरब के रास्ते दुबई भेजे जा रहे हैं। रास्ता बदलने से समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं। इस बढ़े खर्च का सीधा असर उत्पादों की लागत पर पड़ रहा है। किसी का डेढ़ कंटेनर तो किसी का दो कंटेनर माल फैक्टरियों में पड़ा है।
विज्ञापन


00

दुबई सालाना 500 करोड़ के निर्यात का औसत

निर्यातकों ने बताया कि मुरादाबाद से दुबई सालाना करीब 500 करोड़ रुपये के हस्तशिल्प उत्पादों का निर्यात होता है। इनमें पीतल, एल्यूमीनियम, लोहा और लकड़ी के हस्तशिल्प उत्पाद ज्यादा होते हैं। निर्यातक कहते हैं कि वैश्विक बाजार में बढ़ी स्पर्धा और ऑर्डर की कमी पहले से थी। इस बीच फ्रेट बढ़ने से कारोबारियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।



00

निर्यातक बोले...



अगर शिपिंग लाइनों की स्थिति और फ्रेट की दरें जल्द सामान्य नहीं हुईं तो कारोबारियों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। विदेशों से मिले आर्डर पर तैयार माल दो महीने से फैक्टरी में है। अभी तक इसे भेजा नहीं जा सका है। - राहुल ढल, निर्यातक



00

डेढ़ महीने से करीब दो कंटेनर तैयार हस्तशिल्प उत्पाद फैक्टरी में रखे हैं। फ्रेट 10 गुना बढ़ने से आर्डर का माल अभी तक दुबई नहीं जा सका है। जहाज सहज ढंग से नहीं मिल पा रहे हैं। विदेशी खरीदार भी अभी उत्पाद मंगाने के लिए तैयार नहीं हैं। - विवेक अग्रवाल, निर्यातक व वाइस चेयरमैन, यस

00



फ्रेट बढ़ने से शहर के कई निर्यातकों द्वारा आर्डर पर तैयार किए उत्पाद दुबई नहीं जा सके हैं। इसकी वजह से काफी नुकसान हो रहा है। निर्यातक न तो कच्चा माल खरीद पा रहे हैं और न ही लोन की किस्त आसानी से जमा कर पा रहे हैं। - सतपाल, निर्यातक व सचिव दि हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें