मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में रहने वाले फाइनेंस कंपनी के एजेंट संजय सिंह ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए एक महिला के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। आरोपी ने इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। बाद में फोटो-वीडियो के साथ फोन नंबर पोर्न साइट पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रंगदारी, छेड़खानी और आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मुगलपुरा थानाक्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसके पिता ने छोटी बहन की शादी के लिए एक निजी फाइनेंस कंपनी से वॉशिंग मशीन, कूलर, फ्रीज समेत अन्य दहेज का नाम फाइनेंस कराया था। इसकी किस्त लेने सिविल लाइंस के रेलवे हरथला कॉलोनी निवासी संजय सिंह आता था। जिस कारण उससे पारिवारिक संबंध हो गए थे। पीड़िता का कहना है कि उसके पिता की कैंसर के कारण मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी की नियत खराब हो गई और वह मौका पाकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। आरोपी की इन हरकतों का विरोध किया तो उसने एआई के जरिए महिला के अश्लील फोटो और वीडियो तैयार कर लिए। जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपी ने पीड़िता का असली वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी ने रुपये और शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो और फोटो पोर्न साइट पर अपलोड कर दिए। बाद में फोटो और वीडियो पीड़िता और उसके रिश्तेदारों के नंबर पर भी भेज दिए जिससे पीड़िता बहुत परेशान है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सिविल लाइंस पुलिस साइबर सेल की मदद से पीड़िता के फोटो और वीडियो ओर सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटवा रही है।
महिला बोलीं, आरोपी ने मेरी जिंदगी नरक बना दी
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाने में दर्ज की गई प्राथमिकी में महिला ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेट फार्म पर उसके फोटो और वीडियो के साथ फोन नंबर भी पोस्ट किया है। इसके बाद महिला के नंबर पर अश्लील कॉल आने शुरू हो गए। महिला का कहना है कि आरोपी ने उनका जीवन नरक बना दिया है। कई बार मन में आया कि आत्महत्या कर लूं। मेरे दो बच्चे हैं। उनके भविष्य की भी चिंता है। आरोपी ने पीड़िता के रिश्तेदरों के नंबर पर भी पोर्न साइट पर डाल दिए हैं। रिश्तेदारों के पास भी कॉल आ रहे हैं। आरोपी ने महिला के पति के नंबर पर भी वीडियो और फोटो भेजने की धमकी दी है। ब्यूरो