पान दरीबा के गुजराती मोहल्ले में दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर एक साथ रह रही दो बुजुर्ग बहनों की हत्या कर दी गयी। दोनों के शव अलग-अलग कमरे में पड़े मिले हैं। घर का सामान बिखरा हुआ है, जिससे लूटपाट के बाद गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनो महिलाओं की पहचान राजरानी (75) और कुसुम (73) के रूप में हुई है। राजरानी सेवानिवृत्त रेलवे कर्मी स्वर्गीय सोहनलाल की पत्नी थी, जबकि उनकी बहन कुसुम ने शादी नही की थी। राजरानी की 3 बेटियों नीनू, गीता, अनुभि और दो बिजनेसमैन बेटे राजेश और विजय की शादी हो गयी है। राजेश मुरादाबाद में एमडीए कॉलोनी में और विजय दिल्ली में रहते हैं।
मकान के भूतल पर रहने वाली भतीजी साधना ने बताया कि सुबह जब मोटर चलाने के लिए उन्होंने फोन किया तो राजरानी ने फोन नही उठाया, ऊपर आकर देखा तो दरवाजे खुले थे। दोनों कमरे में राजरानी और कुसुम का शव पड़ा हुआ था, इसकी सूचना साधना ने ऑटो चालक पति सुनील को दी। सुनील ने परिवार और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद एसएसपी जे रविन्द्र गौड़, एसपी सिटी अंकित मित्तल फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि इस मकान में परिवार लंबे समय से किराये पर रह रहा था, मकान सिविल लाइन निवासी व्यक्ति का है। घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर तहकीकात की जा रही है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वारदात के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।