ठाकुरद्वारा। गांव कांकरखेड़ा में शनिवार को ढाई साल की बच्ची का घर के बाहर नन्हे पिल्लों से खेलने का प्रयास भारी पड़ गया। पास मौजूद कुत्ते (मादा) ने बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची को मुंह में दबाकर घसीटना शुरू कर दिया। ताई ने फावड़ा मारकर बच्ची को छुड़ाया। डॉक्टर को मासूम के चेहरे पर 10 टांके लगाने पड़े हैं।
कांकरखेड़ा निवासी ई-रिक्शा चालक मुजफ्फर अली ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे उनकी बेटी साफिया नूरी घर के बाहर खेल रही थी। वहां कुछ दिन पहले जन्मे पिल्ले मौजूद थे। मासूम ने जैसे ही पिल्लों को हाथ लगाया तो कुछ दूरी पर मौजूद मादा कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया। कई जगह दांत मारने के बाद बच्ची को मुंह में दबाकर अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया। उनकी भाभी फिरदौस ने कुत्ते पर फावड़े के कई वार करके बच्ची को छुड़ाया।
बुरी तरह जख्मी बच्ची के ठाकुरद्वारा सीएचसी में 10 टांके लगाए गए हैं। उसे एंटी रेबीज और एंटी सीरम इंजेक्शन की डोज भी दी गई है। इतने उपचार के बाद बच्ची को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, कुत्ते के काटने की अन्य घटनाओं के शिकार 18 और लोगों को भी शनिवार को सीएचसी में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
00