कांठ। क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।
शनिवार की दोपहर कांठ के नया गांव निवासी रामलाल और उनका बेटा विश्वंभर बाइक से जा रहे थे। रास्ते में अचानक बंदर आने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लगाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया। वहीं, दूसरी ओर कांठ के गांव खूंटखेड़ा निवासी मोनू बाइक से उमरी कलां की ओर जा रहा था। गांव मोहम्मदपुर भगवानदास के पास अज्ञात वाहन उसकी बाइक में टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे भी इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। संवाद