मुरादाबाद। मौसम की तरह कोरोना संक्रमण की रफ्तार में भी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस हफ्ते संख्या कम होने के बाद भी दूसरी बार संक्रमित मरीजों का आंकड़ा चालीस के पार पहुंच गया। रविवार को 42 और पॉजिटिव केस मिले। ऐसे में कोरोना संक्रमितों की घटती-बढ़ती संख्या आंकड़ों के भ्रम से दूर रहे। सावधानी बरतें। वरना लापरवाही फिर से मुश्किल खड़ी करेंगी। संक्रमण की चेन बनते देर नहीं लगेगी।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या घट बढ़ रही है। फरवरी माह में ये उतार चढ़ाव अधिक देखने को मिल रही है। इस हफ्ते छह दिनों में एक फरवरी को सबसे अधिक पचास पॉजिटिव केस मिले, जबकि चार फरवरी को सबसे कम पंद्रह संक्रमित मरीज मिले। लेकिन पिछले दो दिनों से केस बढ़ने लगे हैं। शनिवार को जिले में 35 पॉजिटिव केस मिले। वहीं रविवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में 42 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें तीन बुजुर्ग शामिल हैं। इसके अलावा 14 युवक और 8 युवतियां भी संक्रमित पाई गई हैं। ऐसे में पहले से अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। लापरवाही कोरोना की नई चेन बनाने में मददगार बनेगी। वहीं क्वारंटीन की अवधि पूरी करने पर 70 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 261 हो गई है।
- तीन और चार फरवरी को मरीजों की संख्या कम रही। लेकिन दो दिनों से मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। लापरवाही संक्रमण की नई चेन बनाती है। इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है। - डॉ. एमसी गर्ग, सीएमओ
तारीख------पॉजिटिव केस
01 फरवरी-----50
02 फरवरी-----31
03 फरवरी-----17
04 फरवरी-----15
05 फरवरी-----35
06 फरवरी-----42