मुरादाबाद। कोरोना बहुरूपिया बनकर लोगों को लगातार अपनी चपेट में ले रहा है। मौसम के बदलने के साथ लक्षण भी बदल रहे हैं। इसलिए मामूली बुखार, खांसी और सांस फूलने जैसे लक्षणों को कतई नजर अंदाज न करें। थकान महससू होने, पेट खराब और सिर में दर्द जैसी शिकायत होने पर घबराने के बजाए कोरोना की जांच कराएं। कोरोना की जांच के लिए आपको भटकने की जरूरत नहीं है। डाक्टर की सलाह लिए बगैर भी आप रैपिड एंटीजन टेस्ट करवा सकते हैं। जिले के आठ ब्लाकों और शहर के सात जोन में रैपिड एंटीजन जांच कराई जा रही है। जांच में पॉजिटिव आते हैं तो परिवार के दूसरे सदस्यों में संक्रमण को फैलने से रोक पाएंगे।
एमसीएच विंग स्थित कोविड अस्पताल के अधीक्षक डा. संजीव बेलवाल बताते हैं कि कोरोना के 80 फीसदी से अधिक मरीजों में कोई भी गंभीर लक्षण नहीं हैं। सामान्य तौर पर कमजोर इम्यूनिटी वाले और गंभीर बीमारियों से पीड़ित इसकी चपेट में आ रहे हैं। हल्का बुखार, खांसी, सिर में दर्द और थकान जैसे माइल्ड लक्षणों को अधिकतर लोग नजर अंदाज कर रहे हैं। मेडिकल स्टोर से दवा खाकर लक्षण तो दूर हो रहे हैं, लेकिन संक्रमण खत्म नहीं हो रहा है। रैपिड एंटीजन में पॉजिटिव आने वाले अधिकतर युवाओं की केस हिस्ट्री में हल्का बुखार, खांसी आम बात है। लक्षण गंभीर होने से पहले जांच कराएं और खुद के साथ परिवार और समाज के दूसरों लोगों को भी सुरक्षित करें।
- कोरोना सामान्य वायरल की तरह है, लेकिन गंभीर लक्षण होने पर जानलेवा साबित हो रहा है। इसलिए लक्षणों को नजर अंदाज करना घातक हो सकता है। संक्रमण का जितनी जल्दी पता चलेगा उतनी जल्दी रिकवरी की संभावना भी बढ़ जाती है। लापरवाही में मरीजों की हालत बिगड़ रही है। कई मरीज 40 से 50 प्रतिशत आक्सीजन सेचुरेशन लेवल आने पर अस्पताल पहुंचे हैं। ऐसे में उनकी जान बचाना मुश्किल हुआ है। यह नौबत माइल्ड लक्षणों को नजर अंदाज करने से आई है।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ।
कोरोना के मुख्य लक्षण
- बुखार, गले में दर्द, सूखी खांसी, सांस फूलना, डायरिया, जीभ के स्वाद की क्षमता में कमी, सूंघने की शक्ति में कमी, सिर में दर्द होना
शहर में रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाने इनसे करें संपर्क
- सिविल लाइन, हरथला, फकीरपुरा,काजीपुरा और कांठ रोड के लोग डा. आरके सिंह 9412632752
- कोतवाली क्षेत्र, बंगला गांव, चक्कर की मिलक के लोग डा. किरण गौतम 9456222414
- मुलगपुरा क्षेत्र, बरबलान, वारसी नगर और जामा मस्जिद के लोग रैपिड एंटीजन के लिए डा. कुलजीत सिंह 7906434022
- गलशहीद, असालतपुरा, गांधी नगर और ईदगाह के लोग डा. रेशमा कुरैशी 9917737239
- नागफनी, नवाबपुरा, किसरौल, कानून गोयान और लालबाग क्षेत्र के लोग डा. राजीव सिंह 9720554430
- मझोला, लाइनपार, मानसरोवर, दिल्ली रोड, लाकड़ी फाजलपुर क्षेत्र के लोग डा. अर्चना यादव 8279627335
- कटघर, करूला, पीतल बस्ती, आदर्श नगर, इस्लाम नगर, धीमरी और पंडित नगला के लोग डा. निधिश कुमार 8859009015