मुरादाबाद। विशेष संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान की बैठक एवं जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक शनिवार को आयोजित हुई। डीएम अनुज सिंह ने जिले में डिप्थीरिया के मरीज मिलने पर नाराजगी जताई। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के सफल संचालन के लिए विभागों को समन्वय करने के निर्देश दिए।
इसके तहत एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक स्वास्थ्य विभाग डेंगू, मलेरिया आदि संक्रामक रोगों के मरीजों का सर्वे करेगा। डीएम ने इसमें नगर निगम, नगर पालिका, कृषि विभाग आदि के अधिकारियों को समन्वय करने के लिए कहा। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में वैक्सीन अवाइडेंस बिहेवियर चिह्नीकरण में बिलारी की स्थिति पर डीएम ने सुधार के निर्देश दिए।
सभी एमओआईसी को डिप्थीरिया आउटब्रेक पर विशेष ध्यान देते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। दवाओं की उपलब्धता, पैथोलाॅजी संबंधी जानकारी ली गई। साफ-सफाई की व्यवस्था, ओपीडी के बाहर बैठने के व्यवस्था, बिजली व्यवस्था को दुरस्त रखने के लिए कहा। ओपीडी संबंधी समीक्षा, जननी सुरक्षा कार्यक्रम, पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान, ई-कवच, आशा भुगतान समेत कई बिंदुओं की समीक्षा की। बैठक में सीडीओ सुमित यादव, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल, डीएमओ पीएन यादव, बीएसए, एसीएमओ, अपर नगर आयुक्त आदि मौजूद रहे।