मुरादाबाद। कलक्ट्रेट स्थित मुशायरा ग्राउंड में मिलेट्स के पकवान आकर्षण का केंद्र रहे। डीएम, सीडीओ ने बाजरे की खीर खाई, मिलेट्स से बनी बर्फी का भी स्वाद चखा। मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में जहां मक्के की रोटी सरसों का साग लोगों को खूब भाया वहीं बाजरा कुकीज व रागी व कुट्टू की पकौड़ी का भी लोगों ने जायका लिया। मौका था मिलेट्स, रेसिपी उपभोक्ता जागरूकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम का। कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मोटे अनाज से बनाए बेहतर उत्पाद बनाने वालों को सम्मानित भी किया गया। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता, प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मिलेट्स रेसिपी उपभोक्ता जागरूकता एवं विकास प्रतियोगिता के माध्यम से श्री अन्न उत्पादों के समुचित उपभोग एवं लाभ के विषय में श्री अन्न के व्यंजनों को जनसामान्य के दैनिक आहार में सम्मिलित कराने व उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, एमएलसी गोपाल अंजान, डीएम मानवेंद्र सिंह, सीडीओ सुमित यादव, संयुक्त कृषि निदेशक ओमेंद्रपाल सिंह, एडीएम सत्यम मिश्रा, गुलाब चंद्र, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग राजवंश श्रीवास्तव, एसडीएम प्रीति सिंह समेत कई अधिकारियों ने मिलेट्स से तैयार विभिन्न पकवानों के स्टाल का निरीक्षण कर उसका स्वाद चखा।
सभी ने लोगों ने पर्यटन विभाग, होटल, रेस्टोरेंट एसोसिएशन, एफपीओ, स्कूल, कॉलेज की छात्राओं तथा महिला समूह द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर श्री अन्न से तैयार किए गए पकवानों, उत्पादों का निरीक्षण करन के साथ सभी से अपने भोजन में मोटे अनाज की मात्रा बढ़ाने की अपील की।