बंगाल-गुजरात-केरल से ज्यादा मांग, पीतल के एक लाख पूजा सेट की हो चुकी सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। नवरात्र शुरू होने में भले ही अभी वक्त है लेकिन मुरादाबाद के बर्तन बाजार से लेकर पूजा के उत्पाद तैयार करने वाले कारखानों पर देवी मां की कृपा पहले से बरसने लगी है। पीतल के खास पूजा सेट, प्लेट, अखंड ज्योति और घंटी के बड़े-बड़े ऑर्डर स्थानीय कारोबारियों के हाथ में हैं। युवा बर्तन व्यापार मंडल के मुताबिक बंगाल, गुजरात और केरल से ही दो करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर मिले हैं। अब तक करीब एक लाख पूजा सेट देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जा चुके हैं।
लोहागढ़ और बर्तन बाजार के व्यापारियों का कहना है कि नवरात्र के लिए करीब एक महीने पहले से ही पूजा सामग्री की सप्लाई शुरू कर दी गई थी। दूर के प्रदेशों के अधिकांश बड़े ऑर्डर के सापेक्ष माल भेजने का काम पूरा हो चुका है। अब नजदीकी राज्यों और बड़े शहरों समेत आसपास के जिलों के लिए सामान भेजने की तैयारी है। चूंकि नवरात्र 11 अक्तूबर से शुरू हो रहे हैं। इसलिए कारखानों में उत्पादन लगातार जारी है।
बर्तन कारोबारियों ने बताया कि पीतल का एक पूजा सेट करीब 1100 रुपये में उपलब्ध है। उनका कहना है कि इस बार पूजा सामग्री में लोहे से बने धूपदान भी तैयार किए जा रहे हैं। पीतल के मुकाबले कम कीमत होने के कारण इनकी भी मांग बाजार में बनी हुई है।
00
एक सेट में पूजा का पूरा सामान.. 1100 रुपये कीमत
पूजा सेट में नवरात्र के दैनिक पूजन में इस्तेमाल होने वाले अधिकांश आइटम हैं। अलग-अलग सामान खरीदने के बजाय ग्राहक पूरा सेट लेना पसंद कर रहे हैं। इस वजह से तैयार सेट की बिक्री को भी बढ़ावा मिल रहा है। इस सेट में पूजा प्लेट, अखंड ज्योति, आरती, लोटा, स्टैंड दीप और घंटी है। सामान्य पूजा सेट की कीमत 1100 रुपये है।
00
बर्तन कारोबारी बोले...
- नवरात्र को लेकर करीब एक महीने से पूजा में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद तैयार कर दूसरे प्रदेशों में भेज रहे हैं। बंगाल, गुजरात और केरल से इस बार अच्छे ऑर्डर मिले हैं। - अनुराग अग्रवाल, बर्तन कारोबारी
- पीतल के पूजा सेट की मांग लगातार बनी हुई है। एक सेट में पूजा प्लेट, अखंड ज्योति, आरती, लोटा, दीप स्टैंड और घंटी शामिल हैं। - गौरव, बर्तन कारोबारी
- दूसरे प्रदेशों के अधिकांश ऑर्डर भेजे जा चुके हैं। अब संभल, रामपुर, बरेली समेत आसपास के जिलों की मांग पूरी करने के लिए उत्पादन तेज किया है। - मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, युवा बर्तन व्यापार मंडल
000000000000
150 कारखानों में तैयार हो रहे पूजा सेट
मुरादाबाद। महानगर के डेढ़ सौ कारखानों में पूजा सेट तैयार किए जा रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अगस्त से ही इस पर काम शुरू हो गया था। किसी कारखाने में हर रोज पचास सेट तैयार हो रहे हैं तो कहीं इससे ज्यादा। ऑर्डर ज्यादा होने पर अतिरिक्त कारीगर लगाकर काम कराया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के साथ ही आस-पास के राज्यों को सेट भेजे जा रहे हैं। विपिन गुप्ता का कहना है कि मां दुर्गा की पीतल की मूर्तियां भी अलीगढ़ से मंंगवाकर यहां तैयार की जा रही हैं। नवरात्र पर मूर्तियों की मांग तेजी के साथ बढ़ जाती है।