अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। भारी बारिश से किसानों की फसलों और गरीब परिवारों के मकानों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर सपा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश सचिव फिरासत हुसैन गामा ने ज्ञापन में कहा गया कि लगातार हुई बारिश से किसानों की तैयार फसल को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर कच्चे और पुराने जर्जर पक्के मकानों को भी क्षति पहुंची है। पशुपालकों को भी नुकसान हुआ है। ज्ञापन में नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला निवासी 20 वर्षीय अशोक सैनी की करंट लगने से हुई मौत का मामला भी उठाया गया। कहा गया कि बिजली के खंभे में करंट उतरने से अशोक की जान चली गई। सपा नेता ने सभी तहसीलों में बारिश से हुए नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों व किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान याकूब अली, सरवर अली, हाजी अकबर और ताहिर अली आदि मौजूद रहे।