मुरादाबाद। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश सरकार अपराध कम होने का झूठा दावा कर रही है। जिला प्रशासन भी बढ़ते आपराधिक ग्राफ में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। सेक्स रैकेट के खुलासे में भी पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है।
चौमुखापुल स्थित कार्यालय पर जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर और महानगर अध्यक्ष जुनैद क़ुरैशी ने यह आरोप लगाए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बढ़ते सैक्स रैकेट और नाबालिगों की संलिप्तता प्रशासनिक अक्षमता का प्रमाण है। कांशीराम नगर में एक दशक से इस प्रकार का घृणित कृत्य हो रहा था लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी। जनता के सामने आने पर इस घटना का खुलासा किया गया। पुलिस कई घटनाएं दर्ज नहीं करती है। जब पब्लिक खुद खुलासा कर देती है तो मजबूरी में पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ती है।
पाकबड़ा में कावड़िये की मौत इसका जीता जागता उदाहरण है। महानगर अध्यक्ष जुनैद क़ुरैशी ने एक माह की आपराधिक घटनाओं की सूची सामने रखी। आरोप लगाया कि महानगर में ही दर्जनों आपराधिक घटनाएं एक माह में हुईं हैं। ड्रोन के शोर में हुई महिला की हत्या, सिविल लाइन में महिला से दुष्कर्म, भाजपा महिला पार्षद से मारपीट, भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या, लाइनपार में भाजपा के मंडल अध्यक्ष के भाई की आत्महत्या और मुख्यमंत्री के महानगर में आने पर महिला बैंक कर्मी से चेन छीनने जैसी वारदातें हुई हैं। जिला कांग्रेस दफ्तर में लूट और अवैध कब्जे की कोशिशों को लेकर चार बार कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायतें दी गईं लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पत्रकारवार्ता के दौरान अजय गोपाल रस्तोगी, आजम खां, नजाकत ठेकेदार, मोज़ज़्म पार्षद, राहत खां, अनवर मुमताज, ठाकुर नरेंद्र सिंह, सुधीर पाठक आदि मौजूद रहे।