फोटो 12 छात्रा ललिता का फाइल फोटो
ठाकुरद्वारा/ भगतपुर।(मुरादाबाद)। ठाकुरद्वारा नगर में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ललिता ने ढेला नदी में कूदकर जान दे दी। छात्रा ने पहले सिपाही और फिर होमगार्ड भर्ती परीक्षा दी थी लेकिन दोनों ही परीक्षाओं में उसे सफलता नहीं मिल पाई। दो दिन पहले भाई से कहासुनी होने की बात भी सामने आई है। शनिवार की दोपहर उसका शव भगतपुर क्षेत्र के मानपुर दतराम गांव के पास ढेला नदी में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डूबने से ही मौत होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र के नारायण वाला उमरपुर नत्थन निवासी ललिता (21) अपनी भतीजी समीक्षा के साथ ठाकुरद्वारा नगर के वार्ड आठ में किराए के कमरे में रहती थी। पास में ही स्थित लाइब्रेरी में पढ़ती थी। समीक्षा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की दोपहर दो बजे वह कमरे से लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए कह कर गई थी। 20 मिनट बाद उसने समीक्षा से खाना बनने के बारे में जानकारी ली। इसके बाद ललिता ने समीक्षा से कहा कि वह कुछ देर में खाना खाने के लिए आ रही है लेकिन वह नहीं लौटी। समीक्षा का कहना है कि दो दिन पहले ललिता से उसके भाई ने फोन पर बात कर उसके बारे में पूछा था तो उसने बताया था कि वह लाइब्रेरी में है लेकिन जब उसके भाई कमरे पर पहुंचे तो वह लाइब्रेरी की बजाय कमरे में ही मिली। इस पर भाई ने नाराजगी जताई और कहा कि यदि वह पढ़ेगी नहीं तो सफल कैसे होगी। सिपाही और होमगार्ड की परीक्षा में असफल होने के बाद से वह परेशान थी और तनाव में थी। उसने अपनी बहन प्रियांशु को शुक्रवार की दोपहर 2:40 बजे फोन किया और बताया कि अब उसका पीछा मत करना वह उन्हें कभी नहीं मिलेगी। इसके बाद ललिता के परिजन परेशान हो गए। उन्होंने पहले उसकी तलाश की तो उसका पता नहीं चला। शनिवार की दोपहर ललिता के भाई रवि कुमार, रितिक ठाकुरद्वारा थाने पहुंचे और अपनी बहन के गायब होने की जानकारी दी। इसी बीच भगतपुर से कोतवाली पुलिस को जानकारी मिली कि भगतपुर क्षेत्र में मानपुर दतराम गांव के पास ढेला नदी में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। इसकी जानकारी मिलते ही ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी मनोज परमार और छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए उन्होंने मृतका की पहचान ललिता के रूप में की। पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि छात्रा ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। उसके चेहरे पर चोट हैं। यह चोट पानी में बह रही किसी लकड़ी या अन्य चीज पर टकराने पर लगी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा ललिता की मौत पानी में डूबने (ड्रोनिंगसे होने की पुष्टि हुई है। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने शाम को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों से हुई बातचीत में भी उन्होंने आत्महत्या की आशंका जताई थी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। छात्रा के रहने वाले आसपास के स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देखा जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के शव को उसके परिजन अपने गांव ले गए हैं।
करीब चार वर्ष पहले इसी मोहल्ले में एक छात्र ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या की थी। नगर के मोहल्ला वार्ड आठ वाली गली में बाहर का एक छात्र रहता था। उसने कमरे में फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली थी। उसके परिजन छात्र के शव को बिना किसी कार्रवाई के अपने साथ ले गए थे। कोचिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार का कहना है कि छात्र के फंदे पर लटकता आत्महत्या करने का मामला कोरोना काल का है।