मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने हिंदुओं को एकजुट करने के साथ ही सपा से नाराज मुस्लिम राजपूतों को भी अपने पाले में कर लिया। सपा द्वारा बार-बार तुर्क प्रत्याशी को टिकट देने से मुस्लिम राजपूत कहे जाने वाले शेखों और पठानों ने सपा से दूरी बनाते हुए रामवीर सिंह का खुलकर साथ दिया। वहीं पसमांदा मुसलमानों ने भी भाजपा का समर्थन किया। इसी कारण 62 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाली कुंदरकी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने 1,44,791 मतों के बड़े अंतर से सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान को हराकर जीत दर्ज की।
कुंदरकी विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 3,84,673 हैं। इनमें करीब 62 प्रतिशत मुसलमान हैं। कुंदरकी में तुर्क मतदाताओं की संख्या 65 हजार है। वहीं शेख मतदाता 63 हजार और पठान मतदान सात हजार हैं यानी मुस्लिम राजपूत मतदाताओं की संख्या 70 हजार है। शेख और पठान खुद को मुस्लिम राजपूत मानते हैं।
शेखों की नाराजगी इस बात से थी कि तुर्क मतदाताओं के लगभग बराबर आबादी होने के बाद भी सपा 28 साल से लगातार तुर्क प्रत्याशी को ही टिकट दे रही है। तुर्क बिरादरी से आने वाले मोहम्मद हाजी रिजवान 1996 से 2017 तक लगातार पांच बार सपा के टिकट पर चुनाव लड़े, जिसमें तीन बार उन्हें जीत मिली। 2022 में सपा ने हाजी रिजवान का टिकट काटा तो भी एक तुर्क प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क को ही टिकट दे दिया। इससे मुस्लिम राजपूतों की नाराजगी बढ़ गई। हालांकि, संभल के तत्कालीन सांसद और जियाउर्रहमान बर्क के दादा डाॅ. शफीकुर्रहमान का सम्मान करते हुए सभी ने उनका साथ दिया और जियाउर्रहमान बर्क विधायक बने।
2024 लोकसभा चुनाव में जब जियाउर्रहमान बर्क सांसद बने तो शेखों की उम्मीद जागी कि सपा इस बार किसी शेख प्रत्याशी को ही मैदान में उतारेगी, क्योंकि 2022 में सपा से टिकट न मिलने पर हाजी रिजवान बसपा में शामिल हो गए थे और बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, उपचुनाव में भी शेखों को झटका लगा और सपा ने एक बार फिर हाजी रिजवान पर ही दांव लगा दिया। नतीजा यह रहा कि भाजपा प्रत्याशी को 1,70,371 और दूसरे स्थान पर रहे सपा प्रत्याशी को सिर्फ 25,580 मत मिले।
इससे मुस्लिम राजपूतों की नाराजगी बढ़ गई और भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने उन्हें अपने साथ कर लिया। कुंदरकी विधानसभा में सत्तू नगला, वीरपुर थान, मदनापुर अहमदपुर, वीरपुर वरियार उर्फ खड़ग, दोलरा, दलपतपुर, खानपुर लक्खी, चमरहुआ, याकूतपुर छपर्रा, मुड़िया, मलूकपुर घोषिया, खबरिया भूड़, सिहोराबाजे आदि क्षेत्र में शेख मतदाताओं की बहुलता है। इन क्षेत्रों में भाजपा भाजपा प्रत्याशी को 80 प्रतिशत मत मिले हैं।
तुर्कों में भी हुए दो फाड़
चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी ने उन तुर्क मतदाताओं से भी संपर्क साधा, जो हाजी रिजवान के विरोधी थे। तमाम ऐसे तुर्क मतदाता थे, जिन्हें सपा और बसपा शासन काल सताया गया और मुकदमे दर्ज कराए गए। भाजपा प्रत्याशी भी गांव-गांव इस बात को दोहराते थे कि हाजी रिजवान ने अपने ही तमाम लोगों पर मुकदमे दर्ज करवाए। भाजपा ने ऐसे लोगों से संपर्क किया और समर्थन मांगा। हाजी रिजवान से नाराज तुर्क मतदाता भी ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाह रहे थे, जो उन्हें जवाब दे सके। ऐसे में रामवीर ने उन्हें सहारा दिया तो वो भी उनके साथ हो लिए।
चुनाव हारने पर भी सक्रिय रहे रामवीर
रामवीर के समर्थकों की नारायण योजना नाम से एक संस्था है, जो गरीबों की मदद करती है। रामवीर 2012 और 2017 में दो बार हाजी रिजवान से हारने और 2022 में टिकट न पाने के बाद भी क्षेत्र में सक्रिय रहे। वह लोगों से मिलते रहे और उनकी मदद करते रहे। भाजपा प्रत्याशी रामवीर का कहना है कि हारने के बावजूद प्रतिदिन करीब 100 लोग अपनी समस्या लेकर उनके पास आते थे और वह उनकी समस्या का समाधान करते थे। इनमें 60 प्रतिशत पसमांदा मुसलमान होते थे। गरीब मुसलमानों के लिए भाजपा प्रत्याशी की मदद वोट में तब्दील हो गई।
-
भाजपा ने जातिगत सूची बनाकर की चुनाव की तैयारी
भाजपा ने उपचुनाव के लिए गहन रणनीति बनाई। इसके लिए क्षेत्र के मतदाताओं की जातिगत सूची तैयार की, फिर उसी के अनुसार काम किया। सूची के अनुसार कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम मतदाता 2,33,225 और हिंदू मतदाता 1,59,008 हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने जो सूची तैयारी की उसमें मुस्लिम की 31 और हिंदू की 33 जातियों का जनसंख्यावार आंकड़ा तैयार किया।
भाजपा के अनुसार मुस्लिमों का जातीय आंकड़ा
जाति जनसंख्या
शेखजादे 63559
तुर्क (पाशा) 65965
सैफी 21510
फकीर अल्वी 11287
दर्जी 2017
नाई 10,160
धोबी 5063
मनिहार 1802
कुरैशी 4384
अंसारी 14585
पठान 7070
घोसी 7225
मेवाती 338
रंगरेज 447
धुना 837
मंसूरी 418
तेली 13804
भिस्ती 437
माहेगीर 26
सक्का 305
गद्दी 307
बंजारा 42
जमादार 3
नट 10
रायभाट 47
अब्बासी 327
लोहार 54
खुमरा 523
छिपी 05
इद्रीशी 15
जैदी 03
हिंदुओं का जातीय आंकड़ा
ब्राह्मण 3074
ठाकुर 25758
बनिया 469
यादव 12581
सैनी 23439
जाटव 37239
पाल 4613
प्रजापति 9086
लोधी 14406
कश्यप 8937
कायस्थ 577
वाल्मीकि 6935
भुर्जी 1509
गोस्वामी 235
जाट गुर्जर 2421
सुनार 213
सिख 409
नाई 831
धोबी 2971
बढ़ई 194
दर्जी 296
धुना 237
त्यागी 174
माली 183
रावत 164
छिपी 38
नट 70
पासी 1378
बंगाली 115
साधू-संत 06
रायभाट 231
रूहेला 12
शेख बहुल गांवों में मतदान के आंकड़े
बूथ डाले गए मत भाजपा सपा बसपा
भैंसिया 206 98 26 0
बरबरा खास(43) 604 585 10 0
बरबरा खास (44) 236 188 28 1
साहूनगला(11) 360 310 22 0
साहूनगला (12) 236 210 10 1
वीरपुर थान 124 104 2 0
दौलरा (66) 610 497 44 3
दौलरा (67) 383 287 49 0
खपरैल की मिलक 540 334 110 2
सीकमपुर पांडे (209) 304 353 7 1
सीकमपुर पांडे (210) 325 264 10 2
खवड़िया भूड़ 622 225 186 1