फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: गंदे पानी और लो प्रेशर ने बढ़ाई मुसीबत

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। भीषण गर्मी के बीच शहर के दो इलाकों में पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। वार्ड-9 स्थित मानसरोवर कॉलोनी में शुक्रवार को घरों की टंकियों से गंदा और बदबूदार पानी निकलने लगा। वार्ड-16 के बुद्धि विहार में लो प्रेशर की समस्या से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान रहे। हालात ऐसे रहे कि लोगों को पीने का पानी बाजार से खरीदना पड़ा।
विज्ञापन



मानसरोवर कॉलोनी में मुख्य सड़क की खोदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद सप्लाई लाइन में गंदा पानी मिल गया और कई घरों की टंकियों में पहुंच गया। लोगों का कहना है कि सुबह जब नल खोले तो मटमैला पानी निकलने लगा। इससे नहाने और रसोई के काम तक प्रभावित हो गए। जिन घरों में सबमर्सिबल पंप नहीं हैं, वहां परेशानी और ज्यादा रही। कई परिवारों ने बाजार से पानी खरीदकर दिन बिताया।

लोगों का आरोप है कि सड़क खोदाई के दौरान पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर कोई सावधानी नहीं बरती गई। शिकायतों के बाद भी जल निगम की टीम देर शाम मौके पर पहुंची। इसके बाद पाइपलाइन की मरम्मत कर सप्लाई सामान्य करने का दावा किया गया। बुद्धि विहार में पिछले चार दिन से लो प्रेशर की समस्या बनी हुई है। सुबह-शाम नलों में बेहद धीमी सप्लाई आने से लोगों को पानी भरने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

स्थानीय लोगों ने पार्षद और जल निगम अधिकारियों से शिकायत कर जल्द समाधान की मांग की। जल निगम के जेई अनिल कुमार ने बताया कि मानसरोवर में पाइपलाइन लीकेज की समस्या को ठीक करा दिया गया है। बुद्धि विहार में भी लो प्रेशर की शिकायत का समाधान करा दिया गया है।


लोगों की बात
सुबह टंकी खोली तो काला और बदबूदार पानी निकल रहा था। पीने का पानी बाजार से खरीदना पड़ा। इतनी बड़ी समस्या के बाद भी जल निगम की टीम कई घंटे तक नहीं पहुंची।
- भयंकर सिंह, मानसरोवर


घर में सबमर्सिबल नहीं है। पूरा दिन पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। बर्तन धोने और खाना बनाने तक में दिक्कत हुई। सड़क खोदने वालों ने पाइपलाइन तोड़ दी लेकिन किसी अधिकारी ने पहले से कोई सावधानी नहीं बरती।
- प्रांजल गुप्ता, मानसरोवर


टंकियों में इतना गंदा पानी आया कि पूरा पानी बहाना पड़ा। छोटे बच्चों को संक्रमण का डर बना रहा। कई बार शिकायत करने के बाद शाम को कर्मचारी पहुंचे। गर्मी में इस तरह की लापरवाही लोगों की परेशानी और बढ़ा रही है।
- परमानंद वार्ष्णेय, मानसरोवर


चार दिन से नलों में बेहद कम पानी आ रहा है। सुबह जल्दी उठकर भी बाल्टी भरने में लंबा समय लग रहा है। महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है लेकिन अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर लौट जाते हैं।
- आयुषी, बुद्धि विहार

लो प्रेशर की वजह से मोटर भी ठीक से पानी नहीं खींच पा रहा। बच्चों की छुट्टियां चल रही हैं और घर में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है। कई बार शिकायत की लेकिन समस्या लगातार बनी रही।

- हेमंत, बुद्धि विहार

नहाने, कपड़े धोने और रसोई के काम प्रभावित हो गए हैं। सुबह पानी नहीं मिलने से पूरा दिन अस्त-व्यस्त हो जाता है। जल निगम को गर्मी में पानी की व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारी करनी चाहिए थी।
विज्ञापन

- शंकर लाल सैनी, बुद्धि विहार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें