ठाकुरद्वारा। रविवार की रात को जमकर भारी बारिश हुई। तहसील के मौसम विभाग ने सोमवार को सुबह 8:00 बजे तक 40 मिमी बारिश रिकार्ड की है। रविवार की रात 11:30 बजे से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक होती रही। भारी बारिश से नगर के नालियों की गंदगी सड़क पर आ गई। जिससे नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठे। बारिश के बाद बारिश रुकने पर लोग जब घरों से निकले तो नगर के कोतवाली के पास स्थित बुध बाजार, आर्य समाज के पास ,शगुन तिराहा, समरसता पार्क रोड , पुराने एसडीएम कार्यालय परिसर में चारों तरफ गंदगी ही गंदगी दिखाई दे रही थी। इस गंदगी की बदबू के कारण सड़क पर चलने में लोगों को परेशानी हुई।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए क्षेत्र में रामगंगा, ढेला और फीका नदी पर बनाई गई 12 बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर कर दिया गया है। इन चौकियाें पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। वही तहसील मुख्यालय पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। एसडीएम प्रीति सिंह ने गांव मानपुर दतराम और पीलकपुर गुमानी स्थित बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां के ग्राम प्रधान और लेखपाल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि अभी ढेला और रामगंगा नदी में बारिश का ही पानी आ रहा है। डैम या बैराज से पानी अभी नहीं छोड़ा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी गांव पीलकपुर गुमानी, मानपुर दतराम, रामपुर घोघर और सुरजननगर में स्थित बाढ़ चौकियों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर दी है।