कुंदरकी। अमेरिका इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के मद्देजनर पेट्रोल-डीजल की रेट बढ़ने और कमी की आशंका के बीच पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। पेट्रोल पंपों पर डीजल खरीदने के लिए ज्यादातर संख्या में किसान पहुंच रहे हैं। वहीं कई लोग पेट्रोल-डीजल को डंप करने में जुटे हैं।
एन फिलिंग स्टेशन के स्वामी देवेश भूषण का कहना कि जिसको 10 लीटर डीजल की जरूरत है वह 100 लीटर ही खरीद रहा है। इसमें ज्यादातर किसान हैं। साथ ही वाहनों चालक भी अपने वाहनों की टैंक फुल करा रहे हैं। किंग एचपी फ्यूल स्टेशन ताहरपुर के स्वामी मोहम्मद नावेद ने बताया कि तेल के रेट बढ़ने की आशंका में किसान ज्यादा चिंतित है, इसलिए ड्रम, कैनों आदि में भरवा कर तेल ले जा रहे हैं। वहीं आईटीएम ऑटो मोबाइल्स के स्वामी अफरोज पाशा ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने किसी तरह से की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही जीजे इंटरप्राइजेज डींगरपुर, कुंदरकी फिलिंग स्टेशन, एमआर फिलिंग स्टेशन आदि पेट्रोल पंपों पर भी तेल खरीदने को वाहन चालकों और किसानों की भीड़ नजर आई।
ठाकुरद्वारा में पहले से डीजल में 4000 लीटर की बढ़ोतरी
ठाकुरद्वारा। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर लोगों में डीजल पेट्रोल की कमी होने का डर है। लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल पंपों पर जाकर खरीद रहे हैं। इससे पेट्रोल पंपो पर डीजल और पेट्रोल की बिक्री भी बढ़ रही है। नगर के मुरादाबाद हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप के संचालक अंशुल अग्रवाल ने बताया कि इस समय अमेरिका ईरान के युद्ध को लेकर लोगों में डर है कि यदि युद्ध लंबा खींचा तो डीजल पेट्रोल नहीं मिलेगा। उनका कहना है कि किसान भी गेहूं की फसल के लिए अधिक डीजल ले जा रहे हैं। पहले से डीजल की बिक्री में 4000 लीटर की बढ़ोतरी हुई है जबकि पेट्रोल की बिक्री ज्यादा नहीं बढ़ी है।
वहीं तिकोनिया स्थित पेट्रोल पंप के संचालक रचित बिश्नोई का कहना है कि युद्ध के कारण प्रतिदिन 1500 से 2500 लीटर अधिक पेट्रोल की बिक्री हो रही है जबकि डीजल की बिक्री प्रतिदिन लगभग 3000 लीटर अधिक हो गई है। पेट्रोल खरीदने आए रमेश कुमार ने बताया कि वह अब पहले 100 रुपये का पेट्रोल डलवाते थे लेकिन अब दूसरे-तीसरे दिन टंकी फुल करवा लेते हैं। गांव मानावाला के किसान बबलू ने बताया कि गेहूं की कटाई के लिए और सिंचाई के लिए डीजल की जरूरत पड़ेगी, इसलिए पहले ही अधिक डीजल खरीद कर घर ले जा रहे हैं।
कांठ और छजलैट में पेट्रोल पंपों पर हो रही सामान्य बिक्री
कांठ। ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते कांठ और छजलैट क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर फिलहाल पेट्रोलियम पदार्थों की कोई किल्लत न होने और बिक्री भी रोज की तरह ही होना बताई गई है। शुक्रवार को कांठ और छजलैट क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर वाहन स्वामियों के द्वारा सामान्य रूप से ही पेट्रोल, डीजल और सीएनसी की खरीदारी की गई। कांठ नगर स्थित कुमार फिलिंग स्टेशन के मैनेजर कृष्णवीर सिंह यादव ने बताया कि अभी न तो पेट्रोल व डीजल के दामों में कोई परिवर्तन हुआ है और न ही किसी भी प्रकार की कोई किल्लत है। वहीं छजलैट में कृष्णा इंडियन ऑयल के स्वामी विक्रांत सिंह ने बताया कि उनके यहां पेट्रोल, डीजल और सीएनसी पर्याप्त है। शुक्रवार को दिन में बिक्री सामान्य रही, लेकिन शाम को इसमें कुछ इजाफा हुआ है। इसके अलावा अन्य पेट्रोल पंपों पर अभी तक भीड़ नहीं देखी गई है। संवाद