मुरादाबाद। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए वाटर एटीएम अब शहर में सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। अमर उजाला की टीम ने एक बार फिर शहर में लगे वाटर एटीएम की पड़ताल की तो ज्यादातर मशीनें बंद मिलीं। सिक्का डालने पर भी एटीएम से पानी नहीं निकला। भीषण गर्मी के बीच लोगों को शुद्ध पानी देने का दावा करने वाली व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ती दिखी।
2.91 करोड़ रुपये खर्च कर शहर के 20 स्थानों पर लगाए गए इन वाटर एटीएम का हाल यह है कि जनता को राहत देने के बजाय अब ये बदइंतजामी की मिसाल बन चुके हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इन वाटर एटीएम का संचालन 10 जून 2022 को शुरू हुआ था। दावा किया गया था कि लोगों को बेहद कम कीमत पर शुद्ध और ठंडा पानी मिलेगा। मगर अब मशीनें खुद ही ड्राई हो चुकी हैं। अपर नगर आयुक्त का कहना है कि वाटर एटीएम के संचालन के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। फर्म का चयन कर लिया गया है। जल्द ही वाटर एटीएम शुरू हो जाएंगे।
महिला थाना के बाहर : पांच रुपये सिक्का डाला, मशीन ने लौटा दिया
समय : दोपहर 1:50 बजे
अमर उजाला टीम सबसे पहले महिला थाना के बाहर लगे वाटर एटीएम पर पहुंची। मशीन बाहर से चालू जैसी दिख रही थी, लेकिन जैसे ही पानी लेने के लिए पांच रुपये का सिक्का डाला गया, मशीन ने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। कुछ सेकंड बाद सिक्का वापस बाहर आ गया। लाइट भी ठीक से काम नहीं कर रही थी। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यह मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है।
-
सिविल डिफेंस चौराहा : मशीन बंद, सिस्टम बेदम
समय : दोपहर 1:52 बजे
सिविल डिफेंस चौराहे पर लगा वाटर एटीएम पूरी तरह बंद मिला। मशीन की डिवाइस ऑफ थी और पानी निकालने वाला सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था। मशीन के नीचे धूल जमा थी। राहगीरों ने बताया कि कई दिनों से यहां किसी को पानी लेते नहीं देखा गया। गर्मी में राहगीरों को राहत देने के लिए लगाया गया यह एटीएम खुद ही बेकार खड़ा मिला।
-
एसबीआई मुख्य शाखा के सामने : यहीं भी नहीं मिला पानी
समय : दोपहर 3:16 बजे
मुख्य शाखा एसबीआई के सामने लगा वाटर एटीएम देखने में चालू लग रहा था लेकिन मशीन पूरी तरह निष्क्रिय मिली। बटन दबाने और दो रुपये का सिक्का डालने पर कोई गतिविधि नहीं हुई। पानी डिस्पेंस यूनिट सूखी पड़ी थी। आसपास मौजूद दुकानदारों ने बताया कि शुरुआत में कुछ दिन मशीन चली, लेकिन बाद में बंद हो गई। अब लोग इसके पास रुकते तक नहीं हैं।
-
गुरहट्टी चौराहा : भीड़ के बीच बंद पड़ा एटीएम
समय : शाम 3:29 बजे
शहर के व्यस्त गुरहट्टी चौराहे पर लगा वाटर एटीएम भी बंद मिला। सबसे ज्यादा आवाजाही वाले इलाके में लगी मशीन का बंद होना लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मशीन की वाटर डिस्पेंस यूनिट बंद थी और पानी का कोई सप्लाई सिस्टम काम नहीं कर रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि महीनों से मशीन से पानी नहीं निकला है।
इन स्थानों पर हैं वाटर एटीएम
कंपनी बाग, महिला थाना, पीलीकोठी, पुलिस लाइन मंदिर, मुख्य शाखा एसबीआई, इंपीरियल तिराहा, टाउन हॉल, गुरहट्टी चौराहा, सोनकपुर स्टेडियम, एमडीए कॉम्प्लेक्स, रजिस्ट्री कार्यालय, नई तहसील, नवीन नगर, पीएसी तिराहा, सिविल डिफेंस चौराहा, शंकर विहार बांग्ला गांव, कमिश्नर कार्यालय, बार एसोसिएशन, मुरादाबाद डिपो, जलकल कार्यालय पीलीकोठी।