बिलारी। प्रदेश शासन द्वारा भले ही पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर कराने को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट दिशा निर्देश जारी नहींं किए गए हैं लेकिन पंचायतराज विभाग द्वारा अपने स्तर से सभी तैयारियां की जा रही हैं।
16 मार्च तक पंचायत चुनाव मतदान के लिए बूथ स्थलों का निर्धारण किया जाना है। इसी क्रम में एडीओ पंचायत ने बृहस्पतिवार को कई ग्रामों में जाकर बूथ भवनों का निरीक्षण किया।
ब्लॉक कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पंचायत एडीएम प्रशासन की ओर से सभी तहसीलों के एसडीएम और बीडीओ को पत्र भेजकर कहा गया है कि पंचायत चुनाव मतदान को लेकर मतदान केंद्रों और बूथ स्थलों का निर्धारण 16 मार्च तक पूरा कर लिया जाए। एसडीएम के निर्देश पर एडीओ पंचायत द्वारा इस विषय पर काम शुरू कर दिया गया है।
बिलारी ब्लॉक में ग्राम जलालपुर खास, इमरतपुर, स्योंडारा, रामपुर पटटी, रामनगर गंगपुर, सहसपुर आदि के ग्रामीणों ने जिला स्तरीय अधिकारियों को पत्र भेजकर पंचायत चुनाव मतदान के लिए बूथ भवन बदलने की मांग की है।
कई ग्रामों के जिन परिषदीय स्कूलों में जहां पांच वर्ष पहले पंचायत चुनाव के बूथ बनाकर मतदान कराया गया था उन स्कूलों के भवन जर्जर हो गए तथा कई स्कूलों के जर्जर भवनों की तो नीलामी भी चुकी है। ऐसी स्थिति में उनके स्थान पर मतदान बूथ बनाने को नए भवन चिह्नित करने पड़ेंगें।
ब्लॉक बिलारी के एडीओ पंचायत शकील अहमद ने बृहस्पतिवार को स्योंडारा जलालपुर, रामपुर पट्टी और इमरतपुर आदि ग्रामों का दौरा कर पंचायत चुनाव के समय बनाए जाने वाले बूथों के भवन देखे। एडीओ पंचायत ने बताया कि फिलहाल भवनों की उपलब्धता के आधार पर बूथ निर्धारण का प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को भेजा जाएगा।