बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल ने कहा कि किसान सेवा सहकारी समितियों ने किसानों की ऋण राशि की ब्याज दर बढ़ाकर दोगुनी से अधिक कर दी है, जिससे किसानों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ब्याज दरें कम नहीं हुईं तो किसान आंदोलन करेंगे।
जिलाध्यक्ष रविवार को नैनीताल हाईवे बाईपास स्थित जिला संरक्षक गुरचरन सिंह सिद्धू के प्रतिष्ठान पर किसानों की पंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान सेवा सहकारी समिति पहले किसानों को दिए ऋण पर तीन प्रतिशत ब्याज लेती थी, मगर अब सात प्रतिशत ब्याज कर दिया है, जो दोगुने से भी अधिक है।
जिला संरक्षक ने कहा कि महात्मा टिकैत की पुण्यतिथि के मौके पर कुछ लोगों ने कार्यक्रम में राजनीतिक लोगों को बुलाकर संगठन के नियमों का उल्लंघन किया है, जोकि गलत है।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला प्रभारी हरप्रीत सिंह एडवोकेट ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आमदनी दोगुनी करने का जो दावा कर रही थी, वह खोखला साबित हो रहा है। समितियाें की ब्याज दर दोगुनी से अधिक करके भाजपा सरकार ने दिखा दिया कि वह किसान विरोधी है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का शोषण कर रही है, जिसे कोई भी किसान बर्दाश्त नहीं करेगा। पंचायत में डॉ गुरशरणजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, प्यारा सिंह, जसवंत सिंह, गुरमीत सिंह, जागीर सिंह, सुखदेव सिंह, निशान सिंह, मनप्रीत सिंह, दलजीत सिंह, सतनाम सिंह आदि ने भाग लिया। अध्यक्षता दलजीत सिंह व संचालन सर्वजोत सिंह ने किया।