मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित मझोली चौराहे पर बंद पड़े कट को खुलवाने की मांग ने अब आंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। रविवार को क्षेत्रवासियों ने खुशहालपुर से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अभियान में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हिस्सा लेकर प्रशासन से जनहित में कट खोलने की मांग उठाई। लोग अलग-अलग कॉलोनियों, गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर समर्थन जुटा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कट बंद होने से करीब तीन लाख आबादी प्रभावित हो रही है। हजारों वाहन चालकों को रोज लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जबकि कई लोग मजबूरी में गलत दिशा से वाहन निकाल रहे हैं। इससे दिल्ली रोड पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मझोली चौराहा, मझोली, खुशहालपुर, बुद्धि विहार, प्रकाश नगर, सूर्य नगर, मंडी समिति, कांशीराम नगर, शाहपुर तिगरी, डिडोरा, डिडौरी, बैंक कॉलोनी और प्रीत विहार समेत कई इलाकों की मुख्य कड़ी है। लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों को भी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
28 अप्रैल को जिला उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने यह मुद्दा उठाया था। बैठक में नगर निगम को कट खोलने के निर्देश भी दिए गए थे। यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग की सहमति के बाद 14 मई को नगर निगम की टीम डिवाइडर तोड़ने पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देकर कार्रवाई रुकवा दी गई। इसके बाद लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि प्रशासन दबाव में फैसला बदल रहा है। उनका कहना है कि दिल्ली रोड के अन्य बंद कट खोल दिए गए, लेकिन सबसे ज्यादा आबादी वाले इस क्षेत्र की अनदेखी की जा रही है। अभियान में कई प्रजापति समाज, जिला सैनी सभा, अखिल भारतीय पाल महासभा, हिंदू युवा वाहिनी, बहुजन समन्वय समिति समेत सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की। चंदन सिंह रैदास, बब्लू कुमार, दिनेश प्रजापति, लाला राम सिंह आदि लोगों का कहना है कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त का कहना है कि मामले की समीक्षा चल रही है।