बिलारी। सहसपुर निवासी हिंदू जागरण मंच के वरिष्ठ पदाधिकारी सिद्धार्थ शेखर ने डेढ़ माह पहले थाने में दर्ज रंगदारी की प्राथमिकी में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पुलिस उच्चाधिकारियों से की है। मंच पदाधिकारी ने विरोधी पक्ष से अपनी जान को खतरा भी जताया है। सिद्धार्थ शेखर हिंदू जागरण मंच के कई वर्ष तक मुरादाबाद जिलाध्यक्ष रहे हैंं। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी जुड़े हुए हैं।
थाना प्रभारी और पुलिस उच्चाधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि बीती 21 नवंबर को थाना बिलारी पर सहसपुर गांव निवासी इब्ले हसन ने वर्तमान ग्राम प्रधान और प्रधान पति समेत छह लोगों के खिलाफ जिस वीडियो के आधार पर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया है, उसमें आरोपी पक्ष द्वारा दो लोगों की हत्या कराने की योजना बनाने जैसी बात कही गई है। इस मामले में सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी किया जाना जरूरी है। बिलारी पुलिस का कहना है कि मिली शिकायत की जांच की जा रही है।