पाकबड़ा क्षेत्र के बागड़पुर स्थित संजय मन्नू वडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में रविवार सुबह पौने दस बजे एक बारह सिंगा घुस आया। स्कूल परिसर में मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो वह दौड़ते हुए खिड़की का शीशा तोड़कर कक्ष में जा घुसा। जिससे वो घायल भी हो गया। रविवार को स्कूल की छुट्टी थी, लिहाजा बच्चे नहीं थे। वरना हादसा हो सकता था। वन विभाग की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बारहसिंगा पर काबू पाया और डियर पार्क के बाड़े में छोड़ दिया।
रविवार की छुट्टी होने के कारण संजय मन्नु वडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बागड़पुर भी बंद था। स्कूल गेट के बाहर सड़क का निर्माण चल रहा है। इस दौरान सुबह करीब पौने दस बजे खेतिहर इलाके की तरफ से घूमता हुआ एक बारहसिंगा आ गया और स्कूल परिसर में पहुंच गया। यह देख प्रधानाचार्य बृज गोपाल यादव समेत अन्य लोगों ने शोर मचाया तो बारहसिंगा दौड़ता हुआ कक्ष नंबर 19 की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर जा घुसा।
इससे उसके चेहरे और शरीर पर काफी चोट आ गई। वह सहम कर बंद कक्ष के अंदर ही खड़ा हो गया। उसे देखने वालों की काफी भीड़ लग गई। वह दोबारा छलांग लगाकर कहीं खिड़की से बाहर न आ जाए, इसको लेकर भी दहशत रही। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद हिरण को कब्जे में लिया। पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी में कैद हो गई।