मुरादाबाद। नगर निगम की लापरवाही से कटघर महबुल्ला गंज की गली में रहने वाले लोग और लक्ष्मी नारायण गर्ल्स इंटर कालेज के छात्राएं रोजाना मुसीबत झेल रहे हैं। करीब 70 मीटर लंबी और छह फुट चौड़ी सड़क पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई है। बारिश के बाद हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि सड़क से निकलना मुश्किल हो जाता है। कीचड़ से न केवल स्कूली छात्र-छात्राएं फंस जाते हैं बल्कि बुजुर्गों का निकलना भी दूभर हो जाता है।राष्ट्रीय संघर्ष समिति (एनएसी) के मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिवेदी का कहना है कि वह 2022 से ही नगर आयुक्त और डीएम को इस समस्या से अवगत कराते आ रहे हैं। हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिलता है। मार्ग की सड़क को जब तक ऊंचा उठाकर नहीं बनाया जाएगा तब तक यह समस्या बनी रहेगी।
यहां के रहने वाले अनुज, विक्रम, कामता और ताऊ सरन आदि का कहना है कि जर्जर और गंदगी भरे इस रास्ते की वजह से बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। सैड़कों की संख्या में छात्राएं इस मार्ग पर पड़ने वाले स्कूल में जाती हैं। छोटे बच्चों को अभिभावक गोद में उठाकर कीचड़ से निकालते हुए सड़क पार कराते हैं। कई बार छात्राएं फिसलकर गिर भी चुकी हैं और चोटिल हो चुकी हैं। कपड़े गंदे हो जाने से उन्हें स्कूल में शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है। इससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ता है।
इसके अलावा मार्ग की स्थिति बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए और भी दिक्कत पैदा करती है। फिसलन भरी सड़क पर चलना उनके लिए खतरनाक हो जाता है। जलभराव की वजह से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा हमेशा बना रहता है। गंदगी से उठने वाली बदबू के कारण लोगों का रहना तक मुश्किल हो जाता है।