फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: बहन की शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक की मौत

Sat, 02 Mar 2024 08:28 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी (मुरादाबाद)। कोतवाली के खाबरी अव्वल गांव निवासी राजू 25 वर्ष पुत्र स्व. रामफल सिंह की तीन दिन पहले सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हो जाने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह सड़क हादसे के दौरान अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने जा रहा था।
विज्ञापन

राजू सिंह की सबसे छोटी बहन लक्ष्मी की आगामी 14 मार्च को सोनीपत से बारात आ रही है। बहन की शादी की तैयारियों में राजू सिंह ही विशेष भूमिका निभा रहा था। बीती 28 फरवरी की दोपहर बाद वह बाइक से रामपुर जनपद के सेफनी कस्बे में स्थित अपनी रिश्तेदारी में बहन की शादी का कार्ड देने जा रहा था। कोतवाली बिलारी क्षेत्र में शाहबाद रोड पर मिलक नगलिया जट गांव के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइकसवार ने राजू की बाइक में टक्कर मार दी। राजू की बाइक आगे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के साथ ही वह सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। पता चला है कि राजू सिर पर हेलमेट लगाए हुए नहीं था।
राहगीरों की सूचना पर घायल राजू को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार देकर उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई। राजू की माता कमलेश देवी की ओर से अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ कोतवाली में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मृतक राजू दैनिक मजदूर था और अपने परिवार की गुजर बसर का अकेला सहारा था। परिवार में बड़े भाई तेजपाल के अलावा सबसे छोटी बहन लक्ष्मी और माता कमलेश देवी है। चार बड़ी बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है जबकि बड़ा भाई पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है। राजू की शादी तीन साल पहले दिल्ली के शादीपुर डिपो निवासी ज्योति के साथ हुई थी। पता चला है कि पति पत्नी में कुछ समय पहले अनबन हो जाने की वजह से ज्योति अपने मायके दिल्ली में ही रह रही है। पुलिस ने अज्ञात बाइकसवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें