मुरादाबाद। गलशहीद चौराहे के पास स्थित नाले में शनिवार सुबह एक युवक का रक्त रंजित शव पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। शरीर पर ब्लेड और किसी अन्य धारदार हथियार से हमले के कई निशान हैं। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, थाना गलशहीद में प्रिंस रोड पर गलशहीद चौराहे के पास पंजाब आयरन स्टोर के सामने शनिवार सुबह लोगों ने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। सफाईकर्मी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद गलशहीद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर नाले से शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने मरने वाले की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर शव के आसपास से साक्ष्य जुटाए। सीओ कटघर आशुतोष तिवारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 साल होगी। पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। थाना प्रभारी लोकेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मरने वाला युवक नशे का आदी लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट होंगे। रिपोर्ट के आधार पर जांच की दिशा तय की जाएगी।