केमरी। ग्राम मुंडिया कलां स्थित एक नहर में युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेसिक की टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। युवक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के ग्राम मुंडिया कलां निवासी आरिफ (30) मजदूरी करता था। बुधवार सुबह वह अपने घर से बिना बताए कहीं निकला। काफी देर तक वापस ना लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जिसके बाद युवक की तेजी से तलाश शुरू कर दी गई। तभी करीब दो बजे तलाश कर रहे लोगों को गांव स्थित एक नहर में युवक पानी में डूबा दिखाई दिया।
परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस और फोरेसिक की टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
नहर में युवक के शव मिलने की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई, तो वहीं परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि ग्राम मुंडिया में एक नहर में युवक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फिलहाल मामले की कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।