मुरादाबाद। शनिवार की देर रात थाना मूंढापांडे क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने डीसीएम में टक्कर मार दी। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते वक्त चालक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जनपद बुलंदशहर के गांव लाडला बांस निवासी 35 वर्षीय इश्तेकार पुत्र सत्तार डीसीएम चालक थे। परिजनों के मुताबिक इश्तेकार डीसीएम से पानी के टैंक लेकर पीलीभीत जा रहे थे। रास्ते में चंद्रा ढाबा मुरादाबाद के सामने अज्ञात वाहन ने डीसीएम में टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को वाहन से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस ने वाहन पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क कर वाहन स्वामी तेज सिंह को हादसे की सूचना दी। हादसे की जानकारी होते ही वाहन स्वामी मुरादाबाद आ गया। वहीं, हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने चालक को मेरठ रेफर कर दिया। वाहन स्वामी ने बताया कि घायल को मेरठ ले जा रहे थे कि रास्ते में गजरौला के नजदीक उसने दम तोड़ दिया। वाहन स्वामी की सूचना पर मृतक के परिजन मुरादाबाद आ गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।