पिता अपनी बेटियों का भविष्य संभालने के लिए अपनी जीवन भर की पूंजी लगा देते हैं। लेकिन मुरादाबाद के गलशहीद क्षेत्र में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को अपराध के दलदल में धकेल दिया। उसने बच्ची को ट्रेनिंग दिलाकर उससे शादी समारोह से नकदी और जेवर से भरे पर्स चोरी कराए।
पुलिस ने शातिर रिक्शा चालक के घर से छापा मारकर मोबाइल, पर्स और घड़ियां बरामद की हैं। पुलिस ने दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी अभिषेक यादव ने गुरुवार को पुलिस लाइन में गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर को गलशहीद क्षेत्र के वाजिद नगर स्थित सिटी सेंटर शादी हाल से दूल्हे की बहन का पर्स चोरी हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें दस साल की बच्ची पर्स लेकर जाती दिखाई दी।
फोटो के जरिये गलशहीद पुलिस ने बच्ची को ट्रेस कर लिया था। बुधवार की रात पुलिस ने असालतपुरा मेहंदी का चौराहा निवासी मो. फहीम पुत्र अब्दुल मजीद को पकड़ लिया। पुलिस ने इसके घर में दबिश दी। जिसमें भारी मात्रा में मोबाइल, घड़ियां और पर्स बरामद किए हैं। इसके बाद बच्ची भी पकड़ ली।
उसने पूछताछ में बताया कि उसके पिता ने चोरी करने के लिए कहा था। उनके कहने पर ही वह चोरी करने गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि बच्ची को नारी निकेतन भेज दिया गया है।