फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपीः हालात से टूटी बेटी ने खुदकुशी की तो पिता ने केरोसिन डाल शव जलाया

Mon, 14 Sep 2020 04:38 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरादाबाद
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पहले इंटर पास बेटी को आगे पढ़ने से रोका और फिर उस पर इल्जाम लगाते हुए पिटाई की। हालात से टूटी बेटी ने जहर खाकर जान दे दी तो पिता ने सुबूत मिटाने के लिए उसके शव को जंगल में ले जाकर केरोसिन डाला और आग के हवाले कर दिया। मां की शिकायत पर जुटे रिश्तेदार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गया। अधजला शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के मौसा की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विज्ञापन


एसपी सिटी अमित कुमार आनंद के मुताबिक थाना मझोला क्षेत्र के चक फैजुल्लापुर चौहान वाली मिलक निवासी कपिल कुमार की 17 वर्षीय पुत्री संजना इंटर की परीक्षा पास कर चुकी थी। वह आगे पढ़ना चाहती थी, लेकिन उसके पिता ने कुछ इल्जाम लगाते हुए बेटी की पढ़ाई रुकवा दी। बेरहमी से पिटाई भी की। हालात से तंग आकर संजना ने शनिवार रात करीब 11 बजे जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले अस्पताल लाने की कोशिश में थे लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

संजना की मां रिंकी ने इसकी जानकारी बिजनौर के थाना शिवाला कलां के ग्राम भैंसा में रहने वाले अपने बहन-बहनोई को दी। बात फैलने और पुलिस सक्रिय होने के डर से कपिल रात में ढाई बजे ही बेटी का शव लेकर जंगल की ओर निकल पड़ा। पत्नी रिंकी विरोध करती रहीं लेकिन रोकने में कामयाब नहीं हो सकीं। रविवार तड़के चार बजे मृतका के मौसा गजेंद्र बिजनौर जिले से परिवार के साथ चक फैजुल्लापुर चौहान वाली मिलक पहुंच गए। पुलिस को सूचना देकर कपिल की तलाश में निकले। जंगल में नदी के करीब वह बेटी का शव केरोसिन डालकर जलाते हुए मिला। रोकने की कोशिश पर रिश्तेदारों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
विज्ञापन


पुलिस ने संजना का अधजला शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया है। जहर से मौत और शव जलाए जाने की पुष्टि हुई है। गजेंद्र की तहरीर पर कपिल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने और सबूत मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को पहली सूचना किशोरी की हत्या कर शव जलाने की मिली थी। मौके पर टीम पहुंची तो जानकारी हुई कि पढ़ाई में बाधक बनने और तरह-तरह के आरोप लगाने से टूटकर किशोरी ने जहर खाकर जाने दी थी। पिता किशोरी का शव जला रहा था। अधजले शव का पोस्टमार्टम कराया है। फोरेंसिक टीम ने भी कुछ सैंपल लिए हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी। - अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें