होली के मौके पर संवेदनशील प्वाइंट पर लगी ड्यूटी छोड़ दरोगा मीलों दूर एक गांव में महिला मित्र से होली खेलने पहुुंच गया। महिला मित्र के घर दरोगा ने जमकर शराब पी और फिर नशे की हालत में गांव में हंगामा कर दिया।
बात थाने तक पहुंची तो एसओ दरोगा को वापस लाने के लिए गांव पहुंचे लेकिन नशे में धुत दरोगा ने एसओ पर ही एके-47 रायफल तान दी। एसओ की रिपोर्ट पर दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है।
भोजपुर थाने में तैनात दरोगा विनोद कुमार की ड्यूटी सोमवार को होली पर चकबेगमपुर गांव में लगाई गई थी। लेकिन दरोगा विनोद कुमार सिंह ड्यूटी छोड़कर खानपुर गांव में अपनी महिला मित्र से होली खेलने पहुंच गया। यहां शराब पीकर उसने जमकर हंगामा किया और फिर दादपुर गांव आ गया।
दादपुर गांव में भी नशे में धुत दरोगा ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने थाने में कर दी। एसओ धीरज सिंह सोलंकी ने गांव पहुंचकर दरोगा से थाने चलने को कहा, लेकिन दरोगा एसओ से भिड़ गया। दरोगा ने एक सिपाही की एके - 47 रायफल छीनी और एसओ के ऊपर तान दी।
किसी तरह पुलिस टीम उसे पकड़कर थाने तक लाई। इसके बाद उसका मेडिकल कराया गया, जिसमें नशे में होने की पुष्टि हुई है। एसओ ने घटना की बाबत पूरी रिपोर्ट एसएसपी को दी। एसएसपी ने एसओ की रिपोर्ट के आधार पर दरोगा विनोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।