मुरादाबाद। मई के महीने में लगातार खराब मौसम आम की फसल पर भारी पड़ रहा है। किसानों के मुताबिक रविवार रात एक बजे तेज आंधी से आम की फसल को नुकसान हुआ। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को करीब 6.4 एमएम बारिश हुई है। अगले दो दिनों में भी आंधी और गरज के साथ बारिश के आसार हैं।
रविवार रात करीब एक बजे आंधी के साथ काफी तेज बारिश हुई। इससे कच्चा आम और बौर टूटकर गिर गया। उद्यान विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में आम का करीब 1100 हेक्टेयर रकबा है। मुरादाबाद सदर, भगतपुर टांडा, बिलारी और डिलारी क्षेत्र में कई आम के बागान हैं। किसानों के अनुसार जब आंधी चलती है तो कच्चा आम और बौर टूटकर गिर जाती है। इससे आम को नुकसान होता है। उधर मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर आरके सिंह ने बताया कि रविवार को कुछ जगह तेज तो कुछ जगह बूंदाबांदी हुई है। रविवार को 6.4 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। विशेषज्ञ के अनुसार मंगलवार और बुधवार को भी मौसम खराब रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश होगी। हालांकि 13 मई की दोपहर बाद से मौसम साफ हो जाएगा।
मई मे अब तक 22 एमएम बारिश हुई
विशेषज्ञ के अनुसार मई के महीने में इस तरह का मौसम नहीं होता, लेकिन इस बार कई बार आंधी आई तो कई बार बूंदाबांदी हुई है। मई में अब तक 22 एमएम बारिश हो चुकी है। वहीं, इस महीने अभी आगे भी ऐसा मौसम रहने की उम्मीद है।
जिले में 1100 हेक्टेयर आम का रकबा है। आंधी से कच्चा आम और बौर गिरती ही है, लेकिन अब तक आंधी से आम की फसल को बहुत बड़ा नुकसान होने की सूचना नहीं आई है। इस बार भी फसल सामान्य है। सुनील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी