आल इंडिया पोस्टल एम्पलाइज यूनियन-।॥ ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर जेल रोड स्थित मुख्य डाकघर में धरना दिया। जिसमें मांग की गई कि डाक विभाग में रिक्त पड़े सभी संवर्ग यथा डाक सहायक, विलगन सहायक, पोस्टमैन, मेलगार्ड, एमटीएस, मेल मोटर ड्राइवर, डाक सहायक (सीओ), डाक सहायक (एसबीसीओ), डाक लेखा तथा ग्रामीण डाक सेवक के पदों को भरा जाएं।
साथ ही मांग की गई कि ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के वेतन तथा सेवा शर्तों के पुननिर्धारण के लिए गठित कमलेश चंद्र समिति की सकारात्मक संस्तुतियों का अनुपालन हो, ग्रामीण डाक सेवक के सदस्यता सत्यापन पर लगी रोक हटाई जाए तथा नियमित डाक कर्मचारियों के सदस्यता सत्यापन का परिणाम घोषित हो,
नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू हो, सीएसआई तथा आरआईसीटी योजनाओं का क्रियान्वयन आधारभूत संरचनाओं की समुचित पूर्ति के पश्चात नई योजनाओं के परोक्ष में कर्मचारियों का उत्पीड़न न हो, कंट्रीब्यूटरी नेग्लीजेंस के नाम पर उत्पीड़न समाप्त हो तथा ट्रेड यूनियन के उत्पीड़न पर रोक लगाई जाएं। धरने में भूपाल सिंह, विजय अग्रवाल, मेहर सिंह, रजनीश पांडेय, अजय कुमार सिंह, रामौतार आदि शामिल रहे।