मुरादाबाद। साइबर ठग नए-नए तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अब ठग ने फेसबुक पर एक कार का फोटो अपलोड कर फर्म कर्मी को झांसे में लेकर उससे 85 हजार रुपये अपने पेटीएम एकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने मझोला थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
साइबर ठगी का शिकार होने वाले अखिलेश कुमार मझोला थानाक्षेत्र के लाइनपार शास्त्रीनगर के निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि विकास शर्मा नाम से फेसबुक पर बनी आईडी से स्वीफ्ट डिजायर कार का फोटो अपलोड किया गया था। जिसमें गया था कि ये कार बिक्री की है। जिसकी कीमत एक लाख चालीस हजार बताई गई थी। उस पर मोबाइल नंबर भी दिए गए थे। अखिलेश ने उस नंबर पर कॉल की और एक लाख 30 हजार रुपये में कार का सौदा तय हो गया था। आरोपी ने अखिलेश को व्हॉट्सएप पर गाड़ी के कागजात की कॉपी भेज दी। अखिलेश ने आरोपी के बताए गए पेटीएम नंबर पर 85 हजार रुपये भिजवा दिए। इसके बाद अखिलेश ने कार मांगी तो आरोपी बहाना बनाने लगा। इसके बाद अखिलेश को ठगी का अहसास हो गया। आरोपियों ने उसे धमकाया। मझोला थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।