मेडिकल स्टोर संचालक के नाम पर जारी हो गया लोन
ठाकुरद्वारा क्षेत्र के लालापुर पीपलसाना गांव निवासी राजीव सिंह मेडिकल स्टोर चलाते हैं। फाइनेंस कंपनी के दो अधिकारी उनके संपर्क आए थे। दोनों ने उन्हें 11 प्रतिशत ब्याज पर 10 लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कही थी।
आरोपियों ने उनसे बैंक की पासबुक की फोटो प्रति, आठ ब्लैंक चेक, दुकान के लाइसेंस की कॉपी और अन्य कागजात उन्हें दे दिए। लोन करवाने के नाम पर उससे 20 हजार रुपये लिए थे, लेकिन उसका लोन पास नहीं हुआ था।
लेकिन पांच दिसंबर 2023 को उनके खाते से 999 रुपये, आठ फरवरी को 2674, पांच अप्रैल को 7582 और पांच मार्च को 7582 रुपये कट गए। उन्होंने फाइनेंस कंपनी में जाकर जानकारी की तो पता चला कि उसके नाम 3,97,000 का लोन जारी किया गया है।
डीपी पर पति का फोटो लगाकर पत्नी से ट्रांसफर करा ली रकम
मझोला थाना क्षेत्र के इंदिरा आवास समिति मिलन विहार निवासी सत्यपाल की पत्नी से साइबर ठगों ने 40 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। सत्यपाल ने बताया कि उनकी पत्नी सरोज के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। जिस नंबर से कॉल आई थी, उसकी व्हाट्सएप डीपी पर सत्यपाल का फोटो लगा था।
आरोपी ने सरोज से कहा कि तुरंत 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दीजिए। व्हाट्सएप डीपी पर पति का फोटो लगा होने के कारण महिला समझ ही नहीं सकी है कि उसके साथ साइबर ठगी हो रही है। महिला ने बिना कुछ सोचे आरोपी द्वारा बताए गए नंबर पर 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में सत्यपाल ने महिला को बताया कि उसने कोई कॉल नहीं की तब पति-पत्नी को पता चला कि साइबर ठगी हो गई। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी हो रही जांच
पुलिस के पास पहुंचे शिकायती पत्रों की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। इस मामले में पुलिस बैंक और फाइनेंस कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच पड़ताल का रही है। जिस तरह की शिकायतें सामने आई हैं। उससे लग रहा है कि इन ठग के मामलों में किसी कर्मचारी या अधिकारी की भी भूमिका हो सकती है।
ऐसे बचें
- फोन पर कोई लोन दिलाने के नाम पर पेन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक की पास बुक या अन्य दस्तावेज मांगे तो सतर्क रहें
- लोन लेना है तो बैंक जाकर संपर्क करें या परिचित के साथ ही फोन पर बैंक एकाउंट से संबंधित जानकारी शेयर करें
- फोन पर आने वाले ओटीपी किसी के साथ शेयर न करें।
साइबर अपराधी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। इस संबंध में कुछ शिकायतें मिली हैं। जिनकी जांच पड़ताल की जा रही है। -अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी