मुरादाबाद। सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले एक बैंक कर्मी भी साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठग ने उन्हें कॉल कर उनके क्रेडिट कार्ड व खाते की जानकारी लेकर दो बार में बीस हजार रुपये उनके खाते से उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
साइबर ठगी के शिकार हुए प्रशांत द्विवेदी सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आशियाना कालोनी निवासी निवासी हैं। वह प्रथमा बैंक में लिपिक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर महिला ने कॉल की और कहा कि वह एसबीआई से बोल रही है। इसके बाद उसने बैंक की सुविधाओं के बारे में जानकारी दीं। तब प्रशांत ने कहा कि उनके पास दो क्रेडिट कार्ड हैं। जिन्हें वह एक कराना चाहते हैं। तब महिला की ओर से आश्वासन दिया गया कि क्रेडिट कार्ड ज्वाइंट करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ डिटेल बतानी होगी। प्रशांत ने क्रेडिट कार्ड और खाते की जानकारी दे दी। इसके बाद उनके खाते से दो बार में बीस हजार रुपये कट गए। अपराध निरीक्षक गजेंद्र त्यागी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जाएगी।