मुरादाबाद। आधार कार्डों में संशोधन के लिए नगर विधायक के फर्जी हस्ताक्षर किए जाने के मामले में बीस दिन बाद अब मुकदमा दर्ज कराया गया है। विधायक के प्रतिनिधि ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इस मामले में विधायक ने नाराजगी जताई, तब जाकर यह मुकदमा किया गया।
सिविल लाइंस थाने में शहर विधायक रितेश गुप्ता के कार्यालय प्रतिनिधि अभिनव पंडित ने केस दर्ज कराया है। जिसमें उन्होंने बताया कि पांच जनवरी को बंधन बैंक की कपूर कंपनी शाखा से सूचना आई कि एक आधार कार्ड में संशोधन के लिए फ ार्म आया है। जिसमें नगर विधायक के हस्ताक्षर नहीं मिल रहे हैं। बैंक अफसरों की ओर से आशंका जताई कि कोई व्यक्ति विधायक के हस्ताक्षर का दुरुपयोग करना चाहता है। विधायक को सूचना दी। इसी दौरान बैंक पहुंचा युवक भाग निकला। सिविल लाइंस थाने के अपराध निरीक्षक गजेंद्र त्यागी ने बताया कि अभिनव पंडित की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बैंक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और फार्म पर दर्ज डिटेल के जरिये आरोपी की तलाश की जा रही है। दरअसल गत दिवस विधायक रितेश गुप्ता के नाम से शहर में कुछ लोगों को फोन किए गए। कहा कि उनके एक मित्र के बेटे की फीस एकाउंट में डलवा दो। यह ठगी का प्रयास था। इसी परिप्रेक्ष्य में विधायक ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी से बात की। साथ ही उन्होेंने इस पर भी नाराजगी जताई कि पांच जनवरी को बैंक में हुए इस प्रकरण की अभी तक भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को इस बाबत फटकारा तो आनन फानन यह मुकदमा दर्ज कर लिया गया।