मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र मे रहने वाले डाक्टर की फेसबुक आईडी साइबर अपराधियों ने हैक कर ली। इसके बाद आरोपियों ने डाक्टर के परिचित, मित्र और रिश्तेदारों को मैसेंजर से मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की गई। गनीमत रही कि कोई भी साइबर ठगों के झांसे में नहीं आया।
मझोला थानाक्षेत्र के बुद्घि विहार निवासी डा. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि फेसबुक पर उन्होंने अपने नाम से अकाउंट बना रखा है। रविवार को साइबर ठगों ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने डाक्टर के परिचित, मित्र और रिश्तेदारों को मैसेंजर से मैसेज भेजे और मजबूरी बताकर रुपये खाते में ट्रांसफर कराने की मांग की है। डाक्टर ने बताया कि उनके एक मित्र का फोन उनके पास आया और उन्होंने बताया कि आपके अकाउंट से रुपयों की मांग की जा रही है। तब इस मामले की जानकारी हुई। डाक्टर ने अपने अकाउंट से एक मैसेज जारी कर किसी रुपये ट्रांसफर न करने की अपील की। डाक्टर अशोक कुमार ने बताया कि दो बार पहले भी साइबर ठग उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर चुके हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत साइबर सेल में की है।