मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाले रेलवे कर्मी के खाते से साइबर अपराधी ने 4 लाख 99 हजार 855 रुपये उड़ा लिए। आरोपी ने पीड़ित से मोबाइल पर एनी डेस्क एप डाउन लोड कराकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने रकम वापस कराने के लिए एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है।
मझोला क्षेत्र के फाजलपुर निवासी प्रमोद कुमार सैनी ने एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह रेलवे विभाग में लोको पायलट के पद पर तैनात हैं। प्रमोद ने बताया कि 9 मई को उन्होंने ऑनलाइन एक मोबाइल आर्डर किया था लेकिन मोबाइल नहीं आया। तब उन्होंने 14 मई को गूगल से फ्लिप कार्ट का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया था। गूगल से मिले इस नंबर पर कॉल की तो आरोपी ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया था। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल में एनी डेस्क नाम का एप डाउनलोड करा दिया। इसके बाद उसने एसबीआई यूएनओ लाइट एप खोलने को कहा।
उसने कहा कि आपने जिस मोबाइल को खरीदने के लिए ऑर्डर किया है। उसका पेमेंट ऑनलाइन किया है और वह भुगतान आपके खाते में वापस चला गया है। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल ऑर्डर वाली धनराशि डालने को कहा। प्रमोद ने जैसे ही अपना यूपीआई पिन डाला। उसके बाद उनके बैंक खाते से सात बार में दो बैंक खातों से कुल 4 लाख 99 हजार 855 रुपये कट गए। इसकी शिकायत उसी दिन साइबर हेल्प लाइन नंबर और साइबर सेल में कर दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी हेमराज मीना ने साइबर सेल को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।