मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र में रहने वाली छात्रा के खाते से साइबर ठग ने 22,996 रुपये उड़ा लिए। ठग ने खुद को कोरियर कंपनी कर्मचारी बताकर छात्रा के मोबाइल पर एक लिंक भेजा था। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना देकर कार्रवाई की मांग की है।
साइबर ठगी का शिकार हुई छात्रा सविता कुमारी ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र के गांव उस्मानपुर की रहने वाली है। छात्रा के मुताबिक उसने चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ से बीएड किया था। उसकी मार्कशीट में अनुपस्थिति दर्ज हो गई थी। उसने मार्कशीट संशोधित कराई थी। संशोधित मार्कशीट कोरियर से आनी थी। छात्रा ने बताया कि 20 जून को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताया। कोरियर से मार्कशीट आनी थी, इसलिए उसने ज्यादा पूछताछ भी नहीं की। इसी बीच आरोपी ने छात्रा से कहा था कि पांच रुपये सर्विस चार्ज जमा करने होंगे। इसके बाद उसने पांच रुपये जमा करने के लिए एक लिंक भेज दिया। छात्रा ने लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से 22,996 रुपये उड़ गए। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।