मुरादाबाद। साइबर ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर डीएम के गनर से फोन पर एटीएम कार्ड की जानकारी लेकर उसके एकाउंट से एक लाख रुपये उड़ा लिए। गनर के मोबाइल पर मैसेज आया तो उसे साइबर ठगी की जानकारी हो पाई। सिपाही ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस नवल मारवाहा ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मून्नू लाल डीएम के गनर के रूप में तैनात है। उसका एकाउंट मुजफ्फरनगर के मीरापुर कस्बा स्थित पीएनबी शाखा में है। सिपाही ने बताया कि 30 अगस्त 2019 को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम संदीप कुमार गुप्ता बताया। उसने कहा कि वह नोएडा से पंजाब नेशनल बैंक ब्रांच से बोल रहा है। उसने मुन्नू लाल से कहा कि टोल फ्री नंबर पर शिकायत की गई है। जिसमें दस हजार रुपये का बैलेंस न आने की जानकारी दी है। इसके बाद साइबर ठग ने सिपाही को उसके एटीएम, एकाउंट नंबर और बैलेंस की जानकारी देने लगा। इसके बाद आरोपी ने सिपाही से कहा कि वह अपने मोबाइल नंबर से एक अन्य मोबाइल नंबर पर मैसेज भेज दें। इसके बाद उनके एकाउंट में बैलेंस आ जाएगा। सिपाही उसके झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपी के बताए नंबर पर सिपाही ने मैसेज कर दिया। अगले दिन सिपाही के खाते से एक लाख रुपये दो बार में निकाल लिए गए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।