मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के आंझी में मंगलवार सुबह हमसफर ट्रेन की चपेट में आकर व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की वजह से दो घंटे तक रेल संचालन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
हमसफर ट्रेन मंगलवार सुबह सियालदह से जम्मूतवी जा रही थी। मंडल के टोडरपुर और आंझी के बीच ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। सुबह नौ बजे स्टेशन मास्टर ने इस मामले की जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में देकर ट्रेनों का संचालन बंद करा दिया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ को इसकी जानकारी दी गई। लेकिन मामला सिविल क्षेत्र का होने के कारण जीआरपी और आरपीएफ वापस चली गई। इसके बाद सिविल पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दो घंटे के बाद शव हटाया जा सका। इस दौरान प्रयाग घाट बरेली एक्सप्रेस एक घंटा 50 मिनट, हावड़ा हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस, शक्ति नगर टनकपुर त्रिवेणी एक घंटा, कानपुर सेंट्रल काठगोदाम एक्सप्रेस एक घंटा और दो मालगाड़ियां 80 मिनट से 100 मिनट तक बीच में खड़ी रहीं। शव हटाने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। जबकि टोडरपुर और बघौली के बीच डाउन लाइन पर मालगाड़ी से पशु टकरा गया। जिसकी वजह से रेल संचालन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक साफ किया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।