मुरादाबाद। सोने-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों और जरूरत के हिसाब से ही गहने खरीदने की पीएम की अपील का असर अब सराफा बाजार पर दिखाई देने लगा है। गंज बाजार, मंडी चौक समेत अन्य सराफा बाजार में गिने-चुने लोग ही गहने खरीदने पहुंच रहे हैं।
श्री सराफा कमेटी मंडी चौक के उपाध्यक्ष प्रदीप रस्तोगी के अनुसार, इस वक्त बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में केवल 20 फीसदी ग्राहक आ रहे हैं। 80 प्रतिशत ग्राहक घट गए हैं। कई दुकानों पर पूरे दिन बोहनी तक नहीं हो रही है।
शहर के बाजार गंज, मंडी चौक, कांठ रोड समेत अन्य बाजार में करीब 300 सराफा की दुकानें हैं। सराफा कारोबारियों का कहना है कि सोने-चांदी के दाम बढ़ने की वजह से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा परिवार अब गहनों की खरीदारी से दूरी बना रहे हैं। जरूरी होने पर ही ग्राहक हल्के वजन के आभूषण खरीद रहे हैं।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक, बाजार में गहने खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या तेजी से घटी है। पहले जहां दुकानों पर दिनभर भीड़ रहती थी, वहीं अब अधिकतर समय दुकानदार खाली बैठे रहते हैं। सोने व चांदी के छोटे दुकानदारों की चिंता ज्यादा बढ़ गई है। मंडी चौक स्थित सराफा कारोबारी बताते हैं कि शादियों का सीजन सितंबर में शुरू हो रहा है। तब तक ग्राहकों का इंतजार करना है। इसके बावजूद अगर ग्राहक नहीं आए तो कर्मचारियों की छंटनी भी करनी पड़ सकती है।
00
दिन-सोने की कीमत-चांदी की कीमत (बाजार गंज धर्म कांटा के अनुसार)
-14 मई-1.57 लाख प्रति 10 ग्राम-2.78 लाख प्रतिकिलो
-15 मई-1.55 लाख प्रति 10 ग्राम-2.67 लाख प्रतिकिलो
-16 मई-1.53 लाख प्रति 10 ग्राम-2.80 लाख प्रतिकिलो
-17 मई-1.53 लाख प्रति 10 ग्राम-2.80 लाख प्रतिकिलो
-18 मई-1.54 लाख प्रति 10 ग्राम-2.70 लाख प्रतिकिलो
-20 मई-1.52 लाख प्रति 10 ग्राम-2.67 लाख प्रतिकिलो
00
बोले सराफा कारोबारी...
-20 प्रतिशत ग्राहक आ रह हैं। इसमें ज्यादातर ग्राहक पुराने गहनों को ठीक कराने वाले रहते हैंं। सितंबर में शादियों के सीजन में ही सोने व चांदी के गहनों के बिक्री की उम्मीद है। -प्रदीप रस्तोगी, सराफा कारोबारी व उपाध्यक्ष, सराफा कमेटी
-सोने व चांदी के गहनों के दाम काफी बढ़ गए हैं। लोगों के पास पैसा नहीं है। दिन भर में एक भी ग्राहक नहीं आया। यदि कीमतों में सुधार या स्थिरता नहीं आई, तो रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो जाएगा। -नवीन कुमार रस्तोगी, सराफा कारोबारी
-आज ग्राहक बिल्कुल नहीं आए। सितंबर में शादियों का सीजन शुरू होगा। उस वक्त गहनों की थोड़ी बहुत बिक्री होने की उम्मीद बनी हुई है। -संदीप सिंघल, सराफा कारोबारी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष, श्री सराफा कमेटी मंडी चौक
-कई दिनों से एक-दो ग्राहक आ रहे हैं। गहने महंगे होने की वजह से कुछ लोग बिना खरीदारी किए वापस चले जाते हैं। अगर इसी तरह चलता रहा तो दो महीने बाद सराफा कारोबारी कर्मचारियों को निकालने के लिए मजबूर होंगे। -मनीष बेरी, सराफा कारोबारी