चिटफंड कंपनी खोलकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इनके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
छजलैट थानाक्षेत्र के फरीदपुर भैंडी उर्फ सीतापुर निवासी राजेश कुमार ने सिविल लाइंस थाने में 27 मई को चिट फंड कंपनी के डायरेक्टर एवं रामगंगा विहार निवासी अजय यादव, सरिता केसरवानी, जितेंद्र कुमार, रविश कुमार, नवनीत कुमार, गजेंद्र सिंह यादव और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया था। दो जून को छजलैट थानाक्षेत्र के संजरपुर निवासी राजेंद्र सिंह ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। सिविल लाइंस पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस मामले में पुलिस ने अजय यादव की पत्नी ममता यादव, नवनीत कुमार उमेश कुमार को हिरासत में लिया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।