सड़क में गहरे गड्ढे होने से परेशान बागड़पुर के ग्रामीणों ने हर हाकिम का दरवाजा खटखटाया। नेताओं से भी फरियाद की। लेकिन जब कहीं से समस्या का हल नहीं हुआ तो उन्होंने गांव में सड़क पर बड़े - बड़े पाइप डालकर रास्ता बंद कर दिया है। जिससे पाकबड़ा - अगवानपुर बाईपास ठप्प हो गया है। दिल्ली रोड से हरिद्वार रोड को आने - जाने वाले ट्रक इसी बाईपास से जाते हैं। बाईपास बंद होने से हाईवे पर ट्रकों की कतारें लग गई हैं।
बागड़पुर के ग्रामीण गांव में हर रोज लगने वाले सात - आठ घंटे के ऊबा देने वाले जाम से परेशान थे। पाकबड़ा - गवानपुर बाईपास पर शुरुआत में ही स्थित बागडपुर गांव में सड़क में गहरे गड्ढे हैं। दो साल से भी अधिक समय से ग्रामीण इन गड्डों को भरकर सड़क को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।
लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। समय के साथ यह गड्डे बढ़ते गए और स्थिति यह हो गई कि यहां से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। बाईपास का पूरा हैवी ट्रैफिक इसी गांव से गुजरता है। सड़क में गहरे गड्ढे होने की वजह से यहां पूरा दिन जाम के हालात रहते हैं। यहां आए दिन ट्रक गड्डे में फंसते रहते हैं।
जिसका सबसे ज्यादा खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को उठाना पड़ता है। खेतों पर काम करने के लिए निकले किसानों को अपने ही गांव में घंटों जाम में फंसना पड़ता है। जिसकी वजह से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। यहां तक कि एंबुलेंस भी आ-जा नहीं सकती। जर्जर सड़क की मरम्मत पर अफसरों के ध्यान न देने से नाराज लोगों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया।
नाराज लोगों ने सड़क पर पाइप डालकर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया। इससे सोमवार को दिनभर ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही। नो एंट्री होने की वजह से यह ट्रक शहर के भीतर से भी नहीं गुजर सके। इन्हें हरिद्वार हाईवे पर जाना था। लिहाजा इन्हाेंने रात होने का इंतजार किया।
बागड़पुर निवासी अजीत सिंह, वेदप्रकाश शर्मा, रविंद्र सिंह, जागेश सिंह, हर्षवर्धन सिंह, सुुनील सिंह, जयवीर सिंह आदि ने बताया की सड़क के खराब होने की शिकायत लोक निर्माण राज्यमंत्री भूपेंद्र सिंह, क्षेत्र के विधायक राजेश चून्नू और अन्य सभी जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है। डीएम से भी ग्रामीण कई बार मिल चुके हैं। लेकिन सड़क की बदहाली पर किसी का ध्यान नहीं गया।